Alaknanda and Mandakini rivers : उत्तराखंड में रुद्रप्रयाग जनपद में बहने वाली अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में रविवार और सोमवार लगातार दो दिन भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनजर लगातार भारी बारिश हो रही है। अनेक स्थानों पर भूस्खलन और अतिवृष्टि के कारण विभिन्न मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं।
रुद्रप्रयाग जनपद में बहने वाली अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। राज्य भर में सभी आपदा प्रबंधन एजेंसियां अलर्ट पर हैं। अतिवृष्टि में शनिवार देर रात लापता हुए नौ मजदूरों का अभी तक कोई पता नहीं चला है। जिला आपदा प्रबन्धन अधिकारी, रूद्रप्रयाग नंदन सिंह रजवार ने बताया कि वर्तमान में अत्यधिक वर्षा के कारण जनपद अन्तर्गत सुबह 10:00 बजे अलकनन्दा नदी का जलस्तर 625.200 मीटर एवं मन्दाकिनी नदी का जल 624.150 मीटर पर बह रही है। उन्होंने बताया कि अलकनन्दा नदी का चेतावनी स्तर 626.00 मीटर तथा मन्दाकिनी नदी का 625.00 मीटर है। वर्तमान में दोनो नदियों का जलस्तर खतरे के निशान पर पहुंचने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि अलकनन्दा एवं मन्दाकिनी नदी के किनारे रहने वाले आम जनमानस की सुरक्षा तथा आम जनमानस को सतर्क रहने के लिए लाउडस्पीकर के माध्यम से समय-समय पर चेतावनी देने के साथ-साथ सुरक्षित स्थान पर जाने को निर्देशित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि साथ ही प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए तैयारीयों का उच्चतम स्तर बनाये रखने का सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक विक्रम सिंह ने आज और सोमवार दोनों दिन मैदानी जनपदों सहित अधिकांश पर्वतीय जनपदों में भी बहुत भारी बारिश, भूस्खलन और अतिवृष्टि की चेतावनी दी है। उनके अनुसार आज राज्य के देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, चम्पावत, नैनीताल तथा उधमंिसह नगर जनपदों के कुछ स्थानों में गरज-चमक के साथ भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। जबकि राज्य के शेष जनपदों के अधिकांश स्थानों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि इसी तरह, सोमवार को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, चम्पावत, नैनीताल तथा उधम सिंह नगर जनपदों के कुछ स्थानों में गरज-चमक के साथ भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। शेष जनपदों के अधिकांश स्थानों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।