सोनीपत। गन्नौर में ई-कामर्स डिलीवरी कंपनी शेडोफैक्स टेक्नोलॉजी लिमिटेड ने गन्नौर स्थित अपने डिलीवरी हब संचालक पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी, कंपनी के पार्सल हड़पने, साक्ष्य नष्ट करने और आपराधिक विश्वासघात के आरोप लगाए हैं।
ये था पूरा मामला
मामले में कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि कपिल ने बड़ी थाना पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में बताया कि गांव बेगा रोड स्थित चीमा कालोनी में गन्नौर डिलीवरी हब का संचालन गांव खेड़ी तगा निवासी रवि कर रहा था। वह कंपनी के ई-कामर्स पार्सल ग्राहकों तक पहुंचाने और ग्राहकों से कैश आन डिलीवरी की राशि एकत्र कर कंपनी में जमा कराने का जिम्मेदार था। कंपनी के अनुसार जनवरी 2026 से रवि ने कई डिलीवर किए गए पार्सलों की राशि कंपनी में जमा नहीं कराई और अनडिलीवर पार्सलों को भी वापस नहीं भेजा। कंपनी अधिकारियों ने 11 फरवरी को हब पर पहुंचकर जांच की तो कई पार्सल गायब मिले। वहीं करीब 25 से 30 पार्सल छेड़छाड़ और बदली हुई स्थिति में पाए गए।
1416 पार्सल सही 305 लापता
आरोप है कि जांच के दौरान रवि ने कंपनी अधिकारियों को पार्सल सौंपने से भी मना कर दिया। बाद में पुलिस की मौजूदगी में 17 फरवरी को दोबारा जांच की गई, जिसमें 1416 पार्सल सही पाए गए, जबकि 305 पार्सल गायब मिले। इनमें से 30 से अधिक पार्सल क्षतिग्रस्त और बदले हुए पाए गए। कंपनी का आरोप है कि ग्राहकों द्वारा लौटाए गए कई पार्सल भी नियमों के विपरीत अपने पास रखे गए। जांच में यह भी सामने आया कि कुछ पार्सलों की फर्जी एंट्री कर उन्हें सिस्टम में डिस्पैच दिखाया गया, जबकि वे वास्तव में भेजे ही नहीं गए। शिकायत के अनुसार गायब और क्षतिग्रस्त पार्सलों सहित बकाया राशि को मिलाकर कंपनी को करीब 48.68 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस ने शिकायत पर आरोपित रवि के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Also Read :

