Site icon Dainik Savera Times

यात्रा शुरू होने से पहले बाबा बर्फानी की पहली तस्वीर, सुरक्षा में तैनात जवानों ने किए दर्शन

Amarnath Yatra 2026

Amarnath Yatra 2026

जम्मू कश्मीर डेस्कः अमरनाथ गुफा में इस साल की यात्रा शुरू होने से पहले ही एक ऐसा दृश्य सामने आया है, जिसने करोड़ों शिवभक्तों की आस्था को और भी गहरा कर दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में पवित्र गुफा के भीतर प्राकृतिक रूप से बने विशाल हिम शिवलिंग के दिव्य दर्शन हो रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो यात्रा की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाबलों या अधिकारियों द्वारा रिकॉर्ड किया गया है।

ये भी पढ़ें :-

वीडियो में करीब 12 फीट ऊंचा हिम शिवलिंग अपनी पूरी भव्यता के साथ दिखाई दे रहा है। खास बात यह है कि शिवलिंग के साथ माता पार्वती और भगवान गणेश की आकृतियां भी बर्फ से बनी नजर आ रही हैं। गुफा के भीतर जमी बर्फ, टपकती जलधाराएं और आध्यात्मिक वातावरण श्रद्धालुओं को भावुक कर रहा है।

हर साल बाबा बर्फानी के पूर्ण आकार में प्रकट होने को बेहद शुभ माना जाता है। ऐसे में यात्रा शुरू होने से पहले सामने आए इस वीडियो ने श्रद्धालुओं के उत्साह को कई गुना बढ़ा दिया है। सोशल media पर ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय बाबा बर्फानी’ के जयकारों की गूंज सुनाई दे रही है। कई श्रद्धालु इसे महादेव का आशीर्वाद और यात्रा का शुभ संकेत मान रहे हैं।

गौरतलब है कि इस वर्ष अमरनाथ यात्रा आधिकारिक रूप से 3 जुलाई से शुरू होगी और 28 अगस्त रक्षाबंधन तक चलेगी। श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड के अनुसार, इस बार यात्रा कुल 57 दिनों तक चलेगी। श्रद्धालु पहलगाम और बालटाल दोनों मार्गों से यात्रा कर सकेंगे। सूत्रों के मुताबिक, अब तक साढ़े 3 लाख से अधिक श्रद्धालु ऑनलाइन पंजीकरण करवा चुके हैं। प्रशासन और सुरक्षाबल यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाने के लिए तैयारियों में जुटे हुए हैं। दोनों मार्गों पर बर्फ हटाने और आवश्यक सुविधाएं बहाल करने का कार्य तेजी से जारी है।

श्राइन बोर्ड ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें और बिना पंजीकरण यात्रा पर न जाएं। साथ ही मौसम और स्वास्थ्य संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह भी दी गई है।

ये भी पढ़ें :-

Exit mobile version