Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

अमेजन के सीईओ Jassy ने PM Modi से की मुलाकात, भारत में अतिरिक्त 13 अरब डॉलर के निवेश की घोषणा की

June 26, 2026

अमेजन के सीईओ Jassy ने PM Modi से की मुलाकात, भारत में अतिरिक्त 13 अरब डॉलर के निवेश की घोषणा की

नई दिल्ली : अमेजन के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एंडी जेसी ने वीरवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने ई-कॉमर्स कंपनी की 2030 तक भारत में कृत्रिम मेधा (एआई) व क्लाउड अवसंरचना के विस्तार के लिए अतिरिक्त 13 अरब अमरीकी डॉलर निवेश करने की योजना की घोषणा की। इस नए निवेश से 2026 से 2030 के बीच भारत में अमेजन का कुल पूंजी निवेश 48 अरब अमरीकी डॉलर तक पहुंच जाएगा। यह नया निवेश भारत के प्रति अमेजन की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है।

जेसी ने भारत को कंपनी के लिए दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण वृद्धि वाले बाजारों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि ई-कॉमर्स और क्लाउड कंप्यूटिंग इकाई अमेजन वैब सर्विसेज (एडब्ल्यूएस) में ग्राहकों की मजबूत मांग के कारण भारत में अमेजन का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है। यह घोषणा ऐसे समय में हुई है जब वैश्विक प्रौद्योगिकी कंपनियां भारत की बढ़ती डिजिटल अर्थव्यवस्था, विस्तृत उपभोक्ता आधार तथा क्लाउड और कृत्रिम मेधा (एआई) सेवाओं की बढ़ती मांग को देखते हुए निवेश बढ़ा रही हैं।

अमेजन ने पिछले एक दशक में भारत में लॉजिस्टिक नैटवर्क, प्रौद्योगिकी बुनियादी ढांचा और डिजिटल सेवाओं के विस्तार पर भारी निवेश किया है, ताकि दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी उपस्थिति मजबूत की जा सके। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, एंडी जेसी के साथ शानदार बैठक हुई। मैं भारत में अमेजन के रिकॉर्ड 48 अरब डॉलर के निवेश का स्वागत करता हूं। इससे युवाओं के लिए नए अवसर पैदा होंगे।

उन्होंने कहा कि यह दुनिया भर में भारत में निवेश को लेकर बढ़ती रुचि को भी दर्शाता है। जेसी ने भी ‘एक्स’ पर प्रधानमंत्री के साथ बैठक की तस्वीर साझा करते हुए कहा कि भारत में अमेजन के भविष्य को लेकर हुई चर्चा बेहद उपयोगी रही। उन्होंने कहा, हम एक दशक से अधिक समय से भारत में ग्राहकों, विक्रेताओं, डेवलपर्स, स्टार्टअप और उद्यमों की सेवा कर रहे हैं और अभी तो यह शुरुआत भर है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें