नेशनल डेस्क: इंडिगो एयरलाइंस की उड़ानों में पिछले कई दिनों से लगातार तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं। कई फ्लाइट अचानक रद्द होने लगीं, जिसके कारण देश के बड़े एयरपोर्टों पर यात्रियों की भारी भीड़ जमा हो गई है। हजारों लोग घंटों से फंसे हुए हैं और यात्रा का कोई भरोसेमंद विकल्प न मिलने से सब परेशान हैं। इसी स्थिति को देखते हुए भारतीय रेलवे ने तुरंत राहत देने के लिए बड़ा कदम उठाया है। रेलवे ने घोषणा की है कि वह राजधानी, शताब्दी और अन्य प्रमुख ट्रेनों में कुल 116 अतिरिक्त कोच जोड़ रहा है, जिससे यात्रियों को यात्रा का विकल्प मिल सके।
ये भी पढ़ें: Today’s Horoscope 6 Dec 2025: आज इन 2 राशियों को मिलेगा बंपर लाभ! नौकरी में तरक्की और धन आगमन का योग
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह फैसला इसलिए लिया गया है ताकि परेशान यात्रियों को जल्दी से यात्रा की सुविधा दी जा सके। सीनियर कमर्शियल मैनेजर उचित सिंघल ने बताया कि अगले सात दिनों तक ट्रेनों में अतिरिक्त डिब्बे लगाए जाएंगे। यदि भीड़ और बढ़ती है तो यह व्यवस्था आगे भी जारी रखी जा सकती है।
दक्षिणी रेलवे ने सबसे तेज़ कार्रवाई करते हुए अकेले 18 ट्रेनों में एडिशनल कोच जोड़े हैं। भीड़ वाले रूट्स पर चेयर-कार और स्लीपर दोनों तरह के डिब्बे बढ़ाए गए हैं। रेलवे ने बताया कि ये अतिरिक्त डिब्बे 6 दिसंबर 2025 से ट्रेनों में शामिल कर दिए गए हैं।
कौन-कौन सी बड़ी ट्रेनों में बढ़ाई गई क्षमता?
कुछ प्रमुख ट्रेनों में लगाए गए नए अतिरिक्त कोच इस प्रकार हैं…
जम्मू–नई दिल्ली राजधानी (12425/26): 1 अतिरिक्त थर्ड AC कोच
डिब्रूगढ़ राजधानी (12424/23): 1 अतिरिक्त थर्ड AC कोच
चंडीगढ़ शताब्दी (12045/46): 1 अतिरिक्त चेयर-कार डिब्बा
अमृतसर शताब्दी (12030/29): 1 अतिरिक्त चेयर-कार कोच
सभी ट्रेनों में नई सीटें पहले की तरह ऑनलाइन बुकिंग और रेलवे काउंटर दोनों से उपलब्ध रहेंगी।
फ्लाइट संकट का असर
इंडिगो की फ्लाइटें रद्द होने से हर तरह के लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। जयपुर एयरपोर्ट पर हालात सबसे ज्यादा बिगड़े हुए हैं। विदर्भ की U-19 क्रिकेट टीम नागपुर लौटने के लिए एयरपोर्ट पहुंच चुकी थी, लेकिन फ्लाइट कैंसिल होने से खिलाड़ी कई घंटों से फंसे हुए हैं। टीम का अगला मैच दो दिन बाद है और समय पर पहुंचना अब मुश्किल दिख रहा है।
खिलाड़ियों ने BCCI को हालात की जानकारी देकर वैकल्पिक रास्ता तलाशने की अपील की है।
पर्यटकों की बढ़ी परेशानी
राजस्थान में इस समय पर्यटन का चरम सीज़न चल रहा है। फ्लाइटें रद्द होने से विदेशी सैलानियों को भी काफी परेशानी हो रही है। जयपुर एयरपोर्ट पर मौजूद एक इतालवी पर्यटक ने बताया कि हमारी रात की फ्लाइट बिना बताए रद्द कर दी गई। हमें समझ नहीं आ रहा कि अब हम कब वापस जा पाएंगे।
ये भी पढ़ें: अनिल अंबानी की कंपनियों के खिलाफ ED का फिर एक्शन; 1,120 करोड़ की और संपत्तियां कुर्क

