नई दिल्ली : केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने दिल्ली में यमुना पुनरुद्धार से जुड़ी 8,941 करोड़ रुपये की परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास समारोह में हिस्सा लिया। इस अवसर पर दिल्ली के उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। अमित शाह ने कहा कि सरकार ने यमुना को स्वच्छ बनाने के लिए समयबद्ध योजना तैयार की है और मई 2029 से पहले नदी को साफ करने का लक्ष्य रखा गया है।
अमित शाह ने बताया कि समारोह में 10 परियोजनाओं का लोकार्पण और 33 परियोजनाओं की शुरुआत की गई। इनके तहत सीवेज शोधन संयंत्रों का उन्नयन, नए संयंत्रों की स्थापना, सीवर लाइनों को घरों से जोड़ने, सीवर व्यवस्था के सुधार और जल निकासी से जुड़े कार्य किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से गंदे पानी को शोधित कर यमुना में छोड़ने की व्यवस्था मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में सरकार बनने के बाद यमुना की सफाई को प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों के साथ बैठक की थी। दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में समन्वित प्रयासों के लिए समयबद्ध कार्ययोजना बनाई गई है। शाह के अनुसार, सरकार यमुना की सफाई के लिए अब तक 40 प्रतिशत से अधिक सफलता हासिल कर चुकी है।
कचरे के पहाड़ों को हटाने का दावा
दिल्ली में कचरा प्रबंधन का उल्लेख करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र और दिल्ली सरकार के प्रयासों से 2.17 करोड़ मीट्रिक टन कचरा हटाया गया है और 100 एकड़ भूमि को कचरे से मुक्त कराया गया है। उन्होंने दावा किया कि ओखला और भलस्वा में कचरे के पहाड़ों की ऊंचाई 30 से 40 मीटर तक, जबकि गाजीपुर में 10 से 15 मीटर तक कम हुई है। उन्होंने कहा कि अगले दो वर्षों में इन स्थानों को हरित क्षेत्रों में बदलने की योजना है। शाह ने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य अगले तीन वर्षों में प्रत्येक घर को सीवर कनेक्शन उपलब्ध कराना और स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति बेहतर बनाना है। उन्होंने असिता ईस्ट, बांसेरा और वासुदेव घाट जैसी परियोजनाओं का भी उल्लेख किया।
विपक्ष पर साधा निशाना
अपने संबोधन में अमित शाह ने पिछली सरकारों पर यमुना की सफाई की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केंद्र, दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश की सरकारें मिलकर प्रदूषण की समस्या का समाधान करेंगी। उन्होंने विपक्ष पर चुनाव में हार के बाद निर्वाचन आयोग और मतदाता सूची पर सवाल उठाने का आरोप भी लगाया। शाह ने कहा कि सरकार का लक्ष्य स्वच्छ पानी, साफ गलियों और कचरे के पहाड़ों से मुक्त दिल्ली का निर्माण करना है।

