Site icon Dainik Savera Times

गृह मंत्री अमित शाह की खुफिया अधिकारियों संग हुई अहम मीटिंग, दिये ये कड़े निर्देश

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के लाल किला के पास हुए कार धमाके के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार सुबह एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाई। यह बैठक उनके निजी आवास पर हुई, जिसमें खुफिया एजेंसियों, गृह मंत्रालय और दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। बैठक में धमाके की जांच कर रही टीमों से अब तक की प्रगति रिपोर्ट ली गई। इसके साथ ही, देशभर की सुरक्षा स्थिति पर भी चर्चा की गई। NIA के डीजी (डायरेक्टर जनरल), IB (इंटेलिजेंस ब्यूरो) के डायरेक्टर, गृह सचिव, दिल्ली पुलिस कमिश्नर इस बैठक में मौजूद रहे।

अमित शाह ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ाई जाए, अलर्ट स्तर ऊंचा रखा जाए और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए।

गुजरात दौरा किया रद्द
अमित शाह का गुरुवार को गुजरात दौरा तय था, लेकिन धमाके के बाद सुरक्षा हालात को देखते हुए उन्होंने यह दौरा रद्द कर दिया। भाजपा पदाधिकारियों ने बताया कि गृह मंत्री को अहमदाबाद फूड फेस्टिवल और अहमदाबाद इंटरनेशनल बुक फेस्टिवल 2025 का उद्घाटन करना था, लेकिन अब वे इन कार्यक्रमों में शामिल नहीं होंगे।

वीडियो कॉन्फ्रेंस से जुड़ सकते हैं शाह
गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र के प्रवक्ता बिमल जोशी ने जानकारी दी कि शाह को मेहसाणा की दूधसागर डेयरी में भी एक कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया था। उन्होंने कहा, “गृह मंत्री का अहमदाबाद और मेहसाणा का दौरा रद्द हो गया है, लेकिन संभावना है कि वे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इन कार्यक्रमों में शामिल हों।”

लाल किला धमाके के बाद बढ़ाई गई चौकसी
सोमवार शाम लाल किला के पास एक कार में विस्फोट हुआ था, जिसमें 12 लोगों की मौत और कई लोग घायल हुए थे। घटना के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और सुरक्षा एजेंसियों को जांच तेज करने के निर्देश दिए। मंगलवार को भी शाह ने दो बार सुरक्षा समीक्षा बैठकें कीं और अधिकारियों से कहा कि ऐसी घटनाओं की दोबारा पुनरावृत्ति न हो इसके लिए कड़े कदम उठाए जाएं।

देशभर में सुरक्षा अलर्ट जारी
लाल किला धमाके के बाद दिल्ली के साथ-साथ मुंबई, लखनऊ, जयपुर, अहमदाबाद जैसे बड़े शहरों में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। रेलवे स्टेशन, मॉल, धार्मिक स्थलों और एयरपोर्ट पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।

ये भी पढ़ेंः दिल्ली में कार ब्लास्ट करने वाले आतंकी की पहचान हुई, धमाके से पहले मस्जिद गया था उमर उन नबी

Exit mobile version