Last Updated: November 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

राजधानी में बनेगी अमृत वाटिका, देशभर से लाई जाएगी मिट्टी: PM Modi

July 30, 2023

राजधानी में बनेगी अमृत वाटिका, देशभर से लाई जाएगी मिट्टी: PM Modi

नयी दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में अमृत वाटिका बनेगी जिसके लिए देश भर से 7500 कलश में मिट्टी लाई जाएगी। श्री मोदी ने आकाशवाणी पर अपने मासिक कार्यक्रम मन की बात की 103 वीं कड़ी में राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि आजादी के 75 साल पूरे होने के अवसर पर सभी पूरे उत्साह से ‘अमृत महोत्सव’ मना रहे हैं। ‘अमृत महोत्सव’ के दौरान देश में करीब-करीब दो लाख कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। ये कार्यक्रम एक से बढ़कर एक रंगों से सजे थे, विविधता से भरे थे। इन आयोजनों में रिकॉर्ड संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में, चारों तरफ ‘अमृत महोत्सव’ की गूँज है। 15 अगस्त को देश में एक और बड़े अभियान की शुरुआत होने जा रही है। शहीद वीर-वीरांगनाओं को सम्मान देने के लिए ‘मेरी माटी मेरा देश’ अभियान शुरू होगा। इसके तहत देश-भर में हमारे अमर बलिदानियों की स्मृति में अनेक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इन विभूतियों की स्मृति में, देश की लाखों ग्राम पंचायतों में, विशेष शिलालेख भी स्थापित किए जाएंगे। इस अभियान के तहत देश-भर में ‘अमृत कलश यात्रा’ भी निकाली जाएगी। देश के गाँव-गाँव से, कोने-कोने से, 7500 कलशों में मिट्टी लेकर ये ‘अमृत कलश यात्रा’ देश की राजधानी दिल्ली पहुचेंगी। ये यात्रा अपने साथ देश के अलग-अलग हिस्सों से पौधे लेकर भी आएगी। 7500 कलश में आई माटी और पौधों से मिलाकर फिर राष्ट्रीय समर स्मारक के समीप ‘अमृत वाटिका’ का निर्माण किया जाएगा। ये ‘अमृत वाटिका’, ‘एक भारत-श्रेठ भारत का’ भी बहुत ही भव्य प्रतीक बनेगी।

उन्होंने कहा कि पिछले साल लाल किले से अगले 25 वर्षों के अमृतकाल के लिए ‘पंच प्राण’ की बात की गयी थी। ‘मेरी माटी मेरा देश’ अभियान में हिस्सा लेकर हम इन ‘पंच प्राणों’ को पूरा करने की शपथ भी लेंगे। उन्होंने कहा,“आप देश की पवित्र मिट्टी को हाथ में लेकर शपथ लेते हुए अपनी सेल्फी को युवा डाट इन पर जरुर अपलोड करें। प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले वर्ष स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के लिए जैसे पूरा देश एक साथ आया था, वैसे ही हमें इस बार भी फिर से, हर घर तिरंगा फहराना है, और इस परंपरा को लगातार आगे बढ़ाना है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें