नेशनल डेस्क: तमिलनाडु विधानसभा चुनावों की मतगणना में अभिनेता से नेता बने विजय थलपति की पार्टी शानदार प्रदर्शन करती दिख रही है। उनकी पार्टी तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) 100 से ज्यादा सीटों पर आगे चल रही है, जिससे राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
घर के बाहर बढ़ी हलचल
चुनावी रुझानों के बीच विजय के घर के बाहर काफी हलचल देखी जा रही है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि लगातार गाड़ियां उनके घर पहुंच रही हैं। कई लोग फूलों के गुलदस्ते लेकर अंदर जाते नजर आ रहे हैं। हालांकि, अभी तक विजय की तरफ से चुनावी नतीजों को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
#WATCH | Tamil Nadu Assembly Elections | Visuals from outside the residence of TVK chief Vijay in Chennai.
Counting of votes for all 234 Assembly constituencies of the state will begin at 8 AM today. pic.twitter.com/9uAs0hCKdf
— ANI (@ANI) May 4, 2026
पिता ने मंदिर में की प्रार्थना
विजय की जीत की कामना के लिए उनके पिता एस. ए. चंद्रशेखर सुबह-सुबह भगवान के दर्शन करने पहुंचे। उन्होंने मुरुगन मंदिर में पूजा-अर्चना की। एस. ए. चंद्रशेखर तमिल फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने निर्देशक हैं और हमेशा से अपने बेटे के करियर चाहे वह फिल्म हो या राजनीति में उनका समर्थन करते रहे हैं।

घर में दिखने लगा जश्न का माहौल
कुछ वीडियो ऐसे भी सामने आए हैं, जिनमें विजय के घर के अंदर जश्न जैसा माहौल दिखाई दे रहा है। समर्थक खुशी जाहिर करते नजर आ रहे हैं, हालांकि आधिकारिक नतीजे अभी आने बाकी हैं।
डीएमके से आगे निकली टीवीके
मतगणना के ताजा रुझानों के मुताबिक, विजय की पार्टी टीवीके 100 से अधिक सीटों पर आगे है, जबकि द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) काफी पीछे चल रही है। इन रुझानों से साफ संकेत मिल रहे हैं कि विजय की एंट्री ने तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा असर डाला है और पारंपरिक पार्टियों को कड़ी टक्कर दी है।
‘जन नायकन’ फिल्म भी चर्चा में
इसी बीच विजय की फिल्म जन नायकन भी सुर्खियों में बनी हुई है। यह फिल्म जनवरी में रिलीज होने वाली थी, लेकिन सेंसर से जुड़े विवादों के कारण अभी तक रिलीज नहीं हो पाई है। हाल ही में इसके ऑनलाइन लीक होने की खबरें भी सामने आई थीं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म के निर्माता चुनाव नतीजों के बाद संभवतः 8 मई को इसे रिलीज करने की योजना बना रहे हैं।