Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

दर्दनाक हादसा! पटाखा फैक्ट्री में धमाके से 18 से अधिक लोगों की मौत, कई घायल

February 28, 2026

दर्दनाक हादसा! पटाखा फैक्ट्री में धमाके से 18 से अधिक लोगों की मौत, कई घायल

नेशनल डेस्क। आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। जहां, एक पटाखा बनाने वाली फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट हो गया। इस हादसे में अब तक कम से कम 18 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। आशंका है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है।

गृह मंत्री वंगालापुडी अनीता ने दी जानकारी
राज्य की गृह मंत्री वंगालापुडी अनीता ने बताया कि शनिवार को काकीनाडा जिले में स्थित पटाखा निर्माण इकाई में यह हादसा हुआ। उनके अनुसार, कम से कम 18 लोगों की जान चली गई है और छह लोग गंभीर रूप से घायल हैं। उन्होंने कहा कि घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है, इसलिए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। सरकार हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।

कलेक्टर ने बताया – कई लोगों की हालत गंभीर
काकीनाडा के कलेक्टर और जिला मजिस्ट्रेट सगीली शान मोहन के अनुसार, फैक्ट्री में विस्फोट के समय कई मजदूर काम कर रहे थे। हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई। कई लोग बुरी तरह झुलस गए हैं और उनका इलाज चल रहा है।

 

मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने जताया दुख
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि काकीनाडा जिले के वेत्लापलेम गांव में पटाखा फैक्ट्री में हुआ विस्फोट बेहद दुखद है। मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने अधिकारियों से बात की है और पीड़ितों को तुरंत हर संभव मदद देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार बचाव कार्यों की लगातार निगरानी कर रही है और प्रभावित परिवारों को हर तरह की सहायता दी जाएगी।

हादसे के समय फैक्ट्री में 20 लोग कर रहे थे काम
एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, विस्फोट के समय फैक्ट्री में लगभग 20 लोग काम कर रहे थे। धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में भी उसकी आवाज सुनाई दी।
मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों और मंत्रियों को घटनास्थल पर जाने और स्थिति का जायजा लेने का आदेश दिया है। प्रशासन की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।

हादसे जांच करने के निर्देश
सरकार ने घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही इस हादसे की जांच भी की जाएगी, ताकि पता लगाया जा सके कि विस्फोट कैसे हुआ और कहीं सुरक्षा नियमों की अनदेखी तो नहीं की गई। यह हादसा पूरे राज्य के लिए बेहद दुखद है और प्रशासन स्थिति को संभालने में लगा हुआ है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें