Patna: बिहार में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार (बियाडा) ने 29 नई औद्योगिक परियोजनाओं के लिए करीब 37.95 एकड़ भूमि आवंटित करने को मंजूरी दे दी है। इन परियोजनाओं के जरिए राज्य में लगभग 5,998.47 करोड़ रुपये का निवेश होने का अनुमान है। साथ ही करीब 3,000 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना जताई गई है।
एंपरा लाइफ इंडिया का सबसे बड़ा निवेश
इन सभी परियोजनाओं में सबसे बड़ा निवेश एंपरा लाइफ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड करने जा रही है। कंपनी अकेले करीब 5,600 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इसे पटना जिले के बिहटा स्थित सिकंदरपुर औद्योगिक क्षेत्र में लगभग 9.64 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। कंपनी यहां लिथियम-आयन बैटरी और इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) के निर्माण के लिए अपना उत्पादन संयंत्र स्थापित करेगी। बताया जा रहा है कि बिहार में किसी एक निजी कंपनी की ओर से यह अब तक का सबसे बड़ा निवेश प्रस्ताव है।
कई औद्योगिक क्षेत्रों में लगेंगी नई इकाइयां
बियाडा की मंजूरी के बाद नई औद्योगिक इकाइयां राज्य के कई औद्योगिक क्षेत्रों में स्थापित की जाएंगी। इनमें सिकंदरपुर, हथुआ फेज-3, फारबिसगंज, लोहट फेज-1, बरियारपुर और फतुहा औद्योगिक क्षेत्र शामिल हैं। इन परियोजनाओं के साथ-साथ उद्योगों को जल्द शुरू कराने के उद्देश्य से प्लग एंड प्ले शेड्स के आवंटन को भी मंजूरी दी गई है। इससे निवेशकों को कम समय में उत्पादन शुरू करने में सुविधा मिलेगी।
बिहार की उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि राज्य में आने वाला यह निवेश औद्योगिक विकास को नई गति देगा। इससे न केवल नए उद्योग स्थापित होंगे, बल्कि रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
निवेशकों को मिल रही बेहतर सुविधाएं
उद्योग विभाग के सचिव एवं बियाडा के प्रबंध निदेशक कुंदन कुमार ने कहा कि निवेशकों को पारदर्शी और समयबद्ध प्रक्रिया के तहत औद्योगिक भूमि उपलब्ध कराई जा रही है। सरकार बेहतर आधारभूत ढांचा, अच्छी कनेक्टिविटी, आसान प्रक्रियाएं और निवेशक-अनुकूल नीतियों के जरिए उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल तैयार कर रही है।
इन कंपनियों ने भी दिखाई रुचि
एंपरा लाइफ इंडिया के अलावा कई अन्य कंपनियों ने भी बिहार में निवेश का प्रस्ताव दिया है। इनमें श्रीश्री साईनाथ पावर इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड, रुंगटा इरिगेशन लिमिटेड, पंकज ट्रेडर्स, अनविरा ग्रीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड, संगम इंडस्ट्रीज, कल्याण प्लास्टो इंडस्ट्रीज और लिसिका केमिकल प्राइवेट लिमिटेड जैसी कंपनियां शामिल हैं।
किन क्षेत्रों में होंगे नए उद्योग
स्वीकृत परियोजनाओं के तहत कई अलग-अलग क्षेत्रों में उद्योग स्थापित किए जाएंगे। इनमें एडवांस्ड मेडिकल टेक्नोलॉजी, खाद्य प्रसंस्करण, टेक्सटाइल, रासायनिक उत्पाद निर्माण, प्लास्टिक उत्पाद, ऑप्टिकल एमिशन स्पेक्ट्रोमीटर निर्माण, इलेक्ट्रिक वाहन, फर्नीचर एवं फिक्स्चर, लिथियम-आयन बैटरी, कंप्रेस्ड बायो गैस और सामान्य विनिर्माण (जनरल मैन्युफैक्चरिंग) जैसे क्षेत्र शामिल हैं।
सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं के शुरू होने से बिहार में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, नए रोजगार पैदा होंगे और राज्य निवेशकों के लिए एक मजबूत औद्योगिक केंद्र के रूप में उभर सकेगा।

