Last Updated: November 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

कबाड़ी बनकर घूम रहे हथियारों के सौदागर, पुलिस ने किया हथियार सप्लायर गैंग का भंडाफोड़

January 19, 2023

कबाड़ी बनकर घूम रहे हथियारों के सौदागर, पुलिस ने किया हथियार सप्लायर गैंग का भंडाफोड़

गुड़गांव : अगर आपके क्षेत्र में पुराना सामान, रद्दी आदि खरीदने वाला कबाड़ी घूम रहा है तो सावधान हो जाओ। यह कबाड़ी हथियारों का सौदागर हो सकता है। पुलिस ने ऐसे ही एक कबाड़ी को धर दबोचा है जाे दिन में कबाड़ी बनकर घूमता था और इस दौरान हथियारों का भी सौदा करता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध रूप से रखे पांच देसी कट्टे भी बरामद किए हैं।

गुड़गांव पुलिस की गिरफ्त में खड़े अजहरुद्दीन नाम के इस शख्स को अवैध हथियार के साथ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पिछले काफी समय से यह देसी कट्टे बेचने की फिराक में था। सिकंदरपुर मेट्रो स्टेशन के पास से पुलिस ने इस आरोपी को गिरफ्तार किया है। इसके पास से एक अवैध हथियार बरामद किया गया था, जिसके बाद पुलिस ने पूछताछ की तो आरोपी ने कबूल किया कि उसके पास अन्य कुछ और हथियार भी हैं जो उसने एक जगह छुपा कर रखे हुए हैं। पुलिस मौके पर पहुंची और वहां से भी चार देसी कट्टे बरामद किए।

बता दें कि आरोपी अवैध हथियार अलवर से लेकर आता था और वह इस फिराक में था कि इन सभी अवैध हथियारों को वह यहां बेच देगा। अजहरूद्दीन पिछले काफी समय से कबाड़ी का काम करता था और इसी दौरान उसकी किसी व्यक्ति से मुलाकात हुई और उसने अवैध हथियार बेचने का प्लान तैयार किया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर इसके अन्य साथियों को भी गिरफ्तार करने के लिए दबिश दे रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें