Site icon Dainik Savera Times

आरा में बचा बड़ा रेल हादसा: गलत सिग्नल के बाद पटरी से उतरी महानंदा एक्सप्रेस, इंजन समेत 3 कोच डिरेल; बाल-बाल बचे यात्री

Arrah rail accident

Arrah rail accident

Arrah rail accident: बिहार के आरा में पंडित दीनदयाल उपाध्याय–दानापुर रेलखंड पर रविवार सुबह आरा रेलवे स्टेशन के पास बड़ा रेल हादसा होते-होते बच गया। स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो से करीब 200 मीटर की दूरी पर अप-लाइन में अलीपुरद्वार जंक्शन-दिल्ली महानंदा एक्सप्रेस (15483) डिरेल हो गई।

हादसे में ट्रेन का इंजन, एसएलआर और एच-1 बोगी पटरी से उतर गई। घटना के बाद रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव व मरम्मत कार्य शुरू किया।

ये भी पढ़ें- ‘Hanuman Ansh’ से अकबरपुर में छाई खुशी, नीम करौली बाबा के परिजनों ने कहा- फिल्म में दिखाई गई लीलाएं सत्य पर आधारित

 

जानकारी के अनुसार, महानंदा एक्सप्रेस सुबह करीब 4.12 बजे आरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर पहुंची थी। यहां से ट्रेन को दिल्ली की ओर रवाना होना था। बताया जा रहा है कि ट्रेन के परिचालन के दौरान किसी तकनीकी समस्या के कारण उसका सिग्नल सासाराम लाइन की ओर चला गया। इसके बाद ट्रेन आगे बढ़ी और स्टेशन से करीब 200 मीटर की दूरी पर अप लाइन में डिरेल हो गई। इंजन के साथ एसएलआर और एच-1 कोच के पटरी से उतरने के बाद रेलवे कर्मियों ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।

रेलवे कर्मचारियों ने राहत कार्य करते हुए पटरी से उतरी तीनों बोगियों को दोबारा ट्रैक पर चढ़ाया। घटना के बाद रेल परिचालन प्रभावित होने की सूचना है। रेलवे की तकनीकी टीम मौके पर पहुंचकर ट्रैक और सिग्नल सिस्टम की जांच में जुटी है। रेलवे अधिकारी पूरे घटनाक्रम की जांच कर रहे हैं कि सिग्नल सासाराम लाइन की ओर क्यों गया और इसी वजह से ट्रेन गलत दिशा में कैसे चली गई।

ये भी पढ़ें- जहरीली शराब का कहर: 9 मौतों से मचा हड़कंप, 35 अस्पताल में भर्ती, 6 शराब दुकानें सील

हादसे में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, सुबह के समय हुई इस घटना से यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। रेलवे की ओर से परिचालन सामान्य करने के लिए युद्धस्तर पर काम किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही घटना के कारणों और जिम्मेदारी को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Exit mobile version