Last Updated: November 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

Haryana के लोगों को Arvind Kejriwal ने दी 5 गारंटी, मिलेगी मुफ्त बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य की सुविधा

September 25, 2024

Haryana के लोगों को Arvind Kejriwal ने दी 5 गारंटी, मिलेगी मुफ्त बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य की सुविधा

महम : आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को हरियाणा विधानसभा चुनाव में महम विधानसभा से आप उम्मीदवार विकास नेहरा के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान केजरीवाल ने लोगों को पांच गारंटी दी। केजरीवाल ने कहा, कि यह केजरीवाल की गारंटी है, बाकी लोगों की तरह यह फर्जी नहीं है। पहली गारंटी यह है कि मैं आप लोगों के लिए बिजली फ्री कर दूंगा। 24 घंटे बिजली मिलेगी। पिछले सभी बिल माफ कर दिए जाएंगे। दूसरी गारंटी के रूप में दिल्ली की तरह यहां भी मोहल्ला क्लीनिक, शानदार अस्पताल बनाएंगे। यहां फ्री में इलाज की सुविधा मिलेगी। तीसरी गारंटी के तहत बच्चों के लिए शानदार सरकारी स्कूल बनाएंगे। हमारे स्कूल के सामने निजी स्कूल बंद हो जाएंगे। चौथी गारंटी हर महिलाओं को एक हजार रुपए दिए जाएंगे।

दिल्ली में 12 लाख युवाओं को रोजगार दिया है, यहां भी युवाओं के लिए रोजगार का इंतजाम किया जाएगा। केजरीवाल ने कहा, यह गारंटी हम पूरी करके दिखाएंगे, क्योंकि, यहां पर सरकार जिस भी पार्टी की बने, हमारे समर्थन के बिना नहीं बनने वाली है। केजरीवाल ने कहा, कि आज महम में मैं अपने परिवार के बीच आया हूं। महम में मेरे मामा जी रहते हैं, महम का मैं भांजा हूं। मैंने हिसार में 11-12वीं पढ़ी और इसके बाद आईआईटी खड़गपुर चला गया। इसके बाद इनकम टैक्स कमिश्नर की नौकरी करने दिल्ली चला गया। मैंने हरियाणा से निकलने के बाद हरियाणा का नाम दुनियाभर में रोशन किया। आपके लाल की दिल्ली और पंजाब में सरकार है और इस बार अपने लाल को अपनी जन्मभूमि की सेवा करने का मौका दे दो।

केजरीवाल ने कहा, कि ये लोग कहते हैं कि केजरीवाल चोर है। आज मैं आपसे पूछता हूं कि जनता को फ्री में बिजली देने वाला चोर है या लोगों को महंगी बिजली देने वाला चोर है? हमने दिल्ली में सरकारी स्कूलों को बेहतर बना दिया। वहां बच्चों को विश्व स्तरीय शिक्षा मिलती है। गली-गली में मोहल्ला क्लिनिक खोल दिए। सरकारी अस्पतालों में इलाज और दवाएं मुफ्त कर दी। अरविंद केजरीवाल देश और जनता के लिए काम करता है और अंतिम सांस तक करता रहेगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें