Site icon Dainik Savera Times

कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस हादसे से पहले का वीडियो आया सामने, ड्राइवर बोला- रेड सिग्नल है, इमरजेंसी सिस्टम काम नहीं कर रहा

नेशनल डेस्क: असम में कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस के पटरी से उतरने से पहले के पलों का एक वीडियो सामने आया है। लोकोमोटिव के अंदर से रिकॉर्ड किए गए इस वीडियो में ट्रेन के ड्राइवर को कथित तौर पर ब्रेकिंग सिस्टम और इमरजेंसी सिस्टम में गड़बड़ी की बात करते हुए सुना जा सकता है। वीडियो में ड्राइवर रेड सिग्नल होने और इमरजेंसी सिस्टम के काम नहीं करने की बात कहता सुनाई दे रहा है।

यह हादसा बुधवार, 11 नवंबर की सुबह असम के कामरूप (मेट्रो) जिले में डिगारू रेलवे स्टेशन पर हुआ। ट्रेन नंबर 13125 कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस का इंजन और पांच डिब्बे सुबह करीब 6:54 बजे पटरी से उतर गए।

हादसे से पहले ड्राइवर ने क्या कहा?

सामने आए वीडियो में लोकोमोटिव के अंदर ड्राइवर की बातचीत रिकॉर्ड हुई है। इसमें उसे कहते हुए सुना जा सकता है, “सिग्नल रेड है… इमरजेंसी लगा हुआ है, लेकिन काम नहीं कर रहा है। कुछ भी काम नहीं कर रहा है।” इसके कुछ ही देर बाद लोकोमोटिव बैरिकेड से टकराता दिखाई देता है। टक्कर के बाद तेज आवाज सुनाई देती है और ट्रेन पटरी से उतर जाती है। इस वीडियो में हादसे से ठीक पहले की परिस्थितियां दिखाई दे रही हैं। हालांकि, वीडियो में ड्राइवर की ओर से ब्रेक फेल होने और इमरजेंसी सिस्टम में खराबी की आशंका जताए जाने के बावजूद अभी तक इन बातों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

रेलवे ने हादसे की क्या वजह बताई?

नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे (NFR) के अनुसार, कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस को डिगारू रेलवे स्टेशन पर दूसरी ट्रेन को पहले रास्ता देने के लिए रिसीव किया जा रहा था। इसी दौरान ट्रेन पटरी से उतर गई। रेलवे के आधिकारिक बयान के मुताबिक, लोको पायलट ट्रेन की गति नियंत्रित नहीं कर पाया, जिसके कारण इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे की जानकारी मिलने के बाद नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे के महाप्रबंधक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बहाली कार्यों का जायजा लिया।

सभी यात्री सुरक्षित, किसी के घायल होने की खबर नहीं

नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे ने बताया कि हादसे में ट्रेन के सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरी ट्रेन की व्यवस्था की गई। हादसे के तुरंत बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। हालांकि, ट्रेन के पटरी से उतरने के कारण इस रूट पर रेल यातायात प्रभावित हुआ।

रेलवे की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार, ट्रेन नंबर 12067 गुवाहाटी-जोरहाट टाउन जन शताब्दी एक्सप्रेस को पनबारी में रोका गया, जबकि ट्रेन नंबर 15627 कोयंबटूर-सिलचर एक्सप्रेस को पानीखैती में नियंत्रित किया गया। फिलहाल रेलवे की ओर से बहाली का काम किया जा रहा है। हादसे के कारणों को लेकर अंतिम स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

Exit mobile version