Site icon Dainik Savera Times

Assam ने कैशलेस स्वास्थ्य देखभाल योजना की शुरू, 26 लाख परिवारों को मिलेगा लाभ

गुवाहाटीः असम सरकार ने प्रत्येक गरीब परिवार को पांच लाख रुपए प्रतिवर्ष तक का कैशलेस चिकित्सा उपचार मुहैया कराने वाली स्वास्थ्य देखभाल योजना आरंभ की है। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, इस योजना का मकसद सुगम तथा किफायती स्वास्थ्य देखभाल सेवाओं को बढ़ावा देना है और इसके दायरे में शुरुआत में करीब 26 लाख परिवार आएंगे। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को अपनी सरकार के दो साल पूरे होने के मौके पर ‘आयुष्मान असम- मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना’ शुरू की।

बयान में कहा गया है कि इस योजना के लाभार्थी वे लोग होंगे जिनके नाम राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून (एनएफएसए) की सूची में शामिल हैं।इस मौके पर एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का समाज के अंतिम व्यक्ति का उत्थान और विकास सुनिश्चित करने के लिए ‘अंत्योदय’ का अथक प्रयास ‘मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना’ के पीछे की प्रेरक शक्ति है। उन्होंने कहा कि कुछ सीमाओं के कारण आíथक रूप से कमजोर वर्गों के कई परिवार ‘प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना’ का लाभ पाने से वंचित रह गए जिसके तहत भी कैशलेस इलाज मुहैया कराया जाता है।

उन्होंने कहा कि नई योजना से ऐसे परिवार को भी कैशलेस स्वास्थ्य देखभाल सुविधाओं का लाभ मिलेगा। शर्मा ने असम सरकार के कर्मचारियों के लिए भी स्वास्थ्य देखभाल योजना ‘मुख्यमंत्री लोक सेवा आरोग्य योजना’ 15 अगस्त से शुरू करने की घोषणा की हैं।

Exit mobile version