नेशनल डेस्कः शनिवार को असम के होजाई जिले में साइरंग-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस की टक्कर से 8 हाथियों की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेन के 5 डिब्बे पटरी से उतर गए, जिससे ट्रेन संचालन प्रभावित हुआ।
इसको लेकर पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाए और ट्रेन को तुरंत रोक दिया। हादसे में कोई यात्री घायल नहीं हुआ। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के एक प्रवक्ता ने मीडिया को बताया कि इस घटना में 5 डिब्बे और ट्रेन का इंजन पटरी से उतर गया, हालांकि किसी भी यात्री के घायल होने की खबर नहीं है। जानकारी के अनुसार यह हादसा होजाई जिले के चांगजुराई इलाके में सुबह करीब 2.17 बजे हुआ।
हादसे को लेकर नगांव मंडल वन अधिकारी सुहास कदम ने बताया कि वह अन्य वन अधिकारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रभावित जमुनामुख-कांपुर सेक्शन से ट्रेन सेवाओं को यूपी लाइन के रास्ते डायवर्ट किया गया है, जबकि बहाली का काम जारी है।
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा के एक बयान में कहा गया है कि लगभग 2.17 बजे एन.एफ. रेलवे के लुमडिंग डिवीजन के तहत जमुनामुख – कांपुर सेक्शन में ट्रेन नंबर 20507 DN साइरंग – नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस हाथियों से टकरा गई, जिसके परिणामस्वरूप लोकोमोटिव और ट्रेन के पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। उन्होंने कहा कि किसी भी यात्री की मौत या घायल होने की कोई खबर नहीं है।
मंडल मुख्यालय के अधिकारियों के साथ दुर्घटना राहत ट्रेनें पहले ही घटनास्थल पर पहुंच चुकी हैं। बता दें साइरंग-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस मिजोरम के आइजोल के पास साइरंग को दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल से जोड़ती है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...