Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

हिमंत बने असम के लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री, इन 4 विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ

May 12, 2026

हिमंत बने असम के लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री, इन 4 विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ

गुवाहाटी: हिमंत विश्व शर्मा ने मंगलवार को लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए असम के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इसके साथ ही राज्य में लगातार तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार बन गई है। उनके साथ चार विधायकों ने भी मंत्री के रूप में शपथ ली जिनमें भाजपा के अजंता नियोग और रामेश्वर तेली, सहयोगी दल असम गण परिषद (अगप) के अतुल बोरा और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के चरण बोरो शामिल हैं।

राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने गुवाहाटी के खानापारा क्षेत्र में वेटरनरी मैदान में आयोजित भव्य समारोह में शर्मा और चारों विधायकों को पद की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय मंत्रियों अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, सर्वानंद सोनोवाल, पबित्रा मारगेरिटा, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री तथा उप मुख्यमंत्री और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन मौजूद थे।

धोती-कुर्ता पहने और गले में पारंपरिक गमछा डाले हुए मुख्यमंत्री और तीन विधायकों तेली, बोरा और नियोग ने असमिया में जबकि बोरो ने बोडो भाषा में शपथ ली। प्रधानमंत्री ने शपथ लेने के बाद शर्मा और मंत्रियों को बधाई दी। शपथ ग्रहण के बाद समारोह से जाने से पहले प्रधानमंत्री ने जनता और मंच पर मौजूद लोगों का आभार जताया।

शर्मा ने ‘एक्स’ पर लिखा, “मां कामाख्या, महापुरुष श्रीमंत शंकरदेव और असम की जनता के आशीर्वाद से मैंने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। मंत्रिपरिषद के साथ हम जनता की सेवा करने और उसकी आकांक्षाएं पूरी करने को लेकर उत्सुक हैं।”

नियोग, बोरा और बोरो शर्मा की पिछली कैबिनेट के सदस्य थे, जबकि पूर्व केंद्रीय मंत्री तेली ने राज्य की राजनीति में वापसी की। नियोग वित्त मंत्री, बोरा कृषि मंत्री जबकि बोरो परिवहन मंत्री थे। राजग ने 126 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव में रिकॉर्ड 102 सीट जीतीं, जिनमें भाजपा की 82 सीटें शामिल हैं। भाजपा के सहयोगी दल अगप और बीपीएफ ने 10-10 सीट जीतीं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें