नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज असम के दौरे पर हैं। इस दौरान वे राज्य को कई बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। खास बात यह है कि डिब्रूगढ़ जिले में बने नॉर्थ-ईस्ट के पहले इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी (हाईवे एयरस्ट्रिप) का उद्घाटन भी आज ही होगा। प्रधानमंत्री खुद भारतीय वायु सेना के विमान से इस हाईवे पर उतरेंगे।
NH-37 पर बनेगी पहली हाईवे एयरस्ट्रिप
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री को लेकर भारतीय वायु सेना का C-130 विमान डिब्रूगढ़ जिले के मोरान क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-37 (NH-37) पर बने इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी (ELF) पर उतरेगा। यह पूर्वोत्तर भारत की पहली ऐसी हाईवे एयरस्ट्रिप है, जहां जरूरत पड़ने पर लड़ाकू विमान भी उतर सकेंगे।
कनेक्टिविटी और सुरक्षा को मिलेगी मजबूती
मुख्यमंत्री सरमा ने कहा कि मोरान इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी के शुरू होने से क्षेत्र की कनेक्टिविटी और देश की रणनीतिक सुरक्षा दोनों मजबूत होंगी। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को रक्षा तैयारियों को मजबूत करने वाले ऐसे बुनियादी ढांचे के निर्माण का श्रेय भी दिया।
जरूरत पड़ने पर यहां से उड़ान भर सकेंगे वायुसेना के विमान
यह एयरस्ट्रिप खास तौर पर आपातकालीन परिस्थितियों और रक्षा जरूरतों के लिए बनाई गई है। भविष्य में यदि किसी सैन्य या आपदा स्थिति में आवश्यकता हुई, तो भारतीय वायु सेना के लड़ाकू विमान, परिवहन विमान और हेलीकॉप्टर यहां से उड़ान भर सकेंगे या उतर सकेंगे।
16 वायुसेना विमानों का होगा हवाई प्रदर्शन
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी भारतीय वायु सेना के लगभग 16 विमानों का एयर शो भी देखेंगे। इनमें लड़ाकू विमान, परिवहन विमान और हेलीकॉप्टर शामिल होंगे। कुछ विमान हाईवे एयरस्ट्रिप पर उतरेंगे, जबकि कुछ फ्लाई-पास्ट करेंगे।
4.2 किलोमीटर लंबा बना है हाईवे एयरस्ट्रिप सेक्शन
डिब्रूगढ़-मोरान खंड पर राष्ट्रीय राजमार्ग-127 के 4.2 किलोमीटर लंबे हिस्से को विशेष रूप से मजबूत कंक्रीट से तैयार किया गया है। इसे भारतीय वायु सेना के साथ मिलकर दोहरे उपयोग (सिविल + सैन्य) वाली एयरस्ट्रिप के रूप में विकसित किया गया है। यह पूर्वोत्तर क्षेत्र में अपनी तरह की पहली सुविधा है।
5,450 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का भी शुभारंभ
असम दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी राज्य में 5,450 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। इन परियोजनाओं से सड़क, पुल और अन्य बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी।
ब्रह्मपुत्र पर बने नए पुल का करेंगे निरीक्षण
मोरान कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री गुवाहाटी जाएंगे। वहां वे ब्रह्मपुत्र नदी पर बने कुमार भास्कर वर्मा सेतु का निरीक्षण करेंगे। यह पुल असम में कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण परियोजना माना जा रहा है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...