नई दिल्ली। दिल्ली एयरपोर्ट पर यात्री से मारपीट के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। कार्रवाई करते हुए एअर इंडिया एक्सप्रेस का पायलट वीरेंद्र सेजवाल गिरफ्तार को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह मामला 19 दिसंबर का है। घटना दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI एयरपोर्ट) के टर्मिनल–1 पर हुई। यहां एयर इंडिया एक्सप्रेस के पायलट वीरेंद्र सेजवाल पर एक यात्री पर हमला करने का आरोप लगा।
पीड़ित कौन है
पीड़ित यात्री का नाम अंकित दीवान है। वह अपनी 7 साल की बेटी और 4 महीने के छोटे बच्चे के साथ यात्रा कर रहे थे। सुरक्षा जांच क्षेत्र (Security Check) के बाहर लाइन में खड़े होने को लेकर कुछ लोगों से उनकी कहासुनी हो गई। इसी दौरान आरोप है कि पायलट वीरेंद्र सेजवाल ने उनसे बहस की और फिर उन पर हमला कर दिया।
मेडिकल रिपोर्ट आई सामने
हमले के बाद अंकित दीवान को अस्पताल ले जाया गया। मेडिकल जांच (Medical Test) में पाया गया कि उनकी नाक की हड्डी टूट गई है (फ्रैक्चर हुआ है)। उन्होंने यह भी कहा कि यह सब उनकी छोटी बेटी के सामने हुआ, जिससे वह मानसिक रूप से बहुत परेशान हो गई।
FIR दर्ज कर पुलिस ने की कार्रवाई
अंकित दीवान ने घटना के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच में क्या हुआ
-पुलिस ने एयरपोर्ट का CCTV फुटेज देखा
-मौके पर मौजूद गवाहों के बयान दर्ज किए
-शुरुआती जांच में सबूत मिलने पर पायलट को पूछताछ के लिए बुलाया गया
-इसके बाद पुलिस ने पायलट को गिरफ्तार कर लिया
आगे क्या होगा?
दिल्ली पुलिस का कहना है कि मामले की कानूनी प्रक्रिया जारी है और जांच पूरी होने के बाद कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की जाएगी।

