Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

बंगाल में BJP की जीत से खत्म हुआ ममता राज, तमिलनाडु में विजय का जलवा…केरल में कांग्रेस की वापसी

May 5, 2026

बंगाल में BJP की जीत से खत्म हुआ ममता राज, तमिलनाडु में विजय का जलवा…केरल में कांग्रेस की वापसी

नेशनल डेस्क: 4 मई को आए चुनावी नतीजों ने भारतीय राजनीति में बड़ा बदलाव दिखाया। पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम, केरल और पुदुचेरी इन सभी जगहों पर जनता ने अलग-अलग फैसले दिए, जिससे कई बड़े नेताओं को झटका लगा और नई ताकतें उभरकर सामने आईं।

बंगाल में भाजपा की बड़ी जीत, ममता राज का अंत

भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल में शानदार जीत दर्ज की है। पार्टी ने 200 से ज्यादा सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत हासिल किया। वहीं ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस करीब 80 सीटों तक सिमट गई। 15 साल से चल रही ममता बनर्जी की सरकार का अंत हो गया। सबसे बड़ी बात यह रही कि ममता बनर्जी खुद भी चुनाव हार गईं। भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने उन्हें कड़ी टक्कर दी और जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही श्यामा प्रसाद मुखर्जी के गृहराज्य में पहली बार भाजपा ने इतनी बड़ी सफलता हासिल की।

असम में भाजपा की लगातार तीसरी जीत

असम में हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में भाजपा ने लगातार तीसरी बार सरकार बनाई। 126 सीटों वाली विधानसभा में भाजपा ने 82 सीट, सहयोगी दल ने 20 सीट यानि एनडीए ने कुल 102 सीटें हासिल की। वहीं कांग्रेस सिर्फ 19 सीटों पर सिमट गई।

तमिलनाडु में थलापति विजय का जलवा

तमिलनाडु में सबसे बड़ा उलटफेर देखने को मिला। अभिनेता से नेता बने थलापति विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) ने पहली बार चुनाव लड़ते हुए शानदार प्रदर्शन किया। 234 सीटों में टीवीके ने 107 सीटें, द्रविड़ मुनेत्र कड़गम को 60 सीटें और अन्नाद्रमुक को 47 सीटें मिली।हालांकि टीवीके बहुमत से थोड़ा पीछे रह गई, लेकिन सरकार बनाने की स्थिति में आ गई है। सबसे बड़ा झटका मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन को लगा, जो खुद चुनाव हार गए। उनके बेटे उदयनिधि स्टालिन जरूर जीतने में सफल रहे।

केरल में कांग्रेस की वापसी

केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा ने बड़ी जीत हासिल की। 140 सीटों में यूडीएफ ने 99 सीटें और वाम मोर्चा ने 35 सीटें हासिल की। हालांकि मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन अपनी सीट जीत गए, लेकिन उनके कई मंत्री चुनाव हार गए।

पुडुचेरी में एनडीए की वापसी

पुडुचेरी में एन. रंगासामी के नेतृत्व में एनडीए फिर से सरकार बनाने जा रहा है। 30 सीटों में एआईएनआर कांग्रेस को 12, भाजपा को 4 और अन्य सहयोगी को 1 सीट मिली। यहां भी तमिलगा वेट्री कझगम ने 2 सीट जीतकर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।

पूरे देश में जश्न का माहौल

इन नतीजों के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने देशभर में जश्न मनाया। कई जगहों पर रंग-गुलाल उड़ाया गया और आतिशबाजी की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस जीत का श्रेय पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत को दिया।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें