Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

विधानसभा चुनाव: उम्मीदवारों की पहली सूची अगले हफ्ते जारी कर सकती है भाजपा

August 21, 2024

विधानसभा चुनाव: उम्मीदवारों की पहली सूची अगले हफ्ते जारी कर सकती है भाजपा

नई दिल्ली: हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा अपने उम्मीदवारों की पहली सूची अगले सप्ताह जारी कर सकती है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, उम्मीदवारों के नाम पर विचार-विमर्श करने के लिए रविवार को पार्टी के केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हो सकती है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता और पीएम मोदी की मौजूदगी में होने वाली केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में उम्मीदवारों के नाम पर मुहर लगाई जाएगी। बताया यह भी जा रहा है कि रविवार की बैठक में मुहर लगने के बाद भी पार्टी अपने उम्मीदवारों की पहली सूची इसके अगले दिन सोमवार को ही जारी करेगी। हालांकि, इसकी टाइमिंग को लेकर भी बैठक में ही तय किया जाएगा। अगर जम्मू-कश्मीर के उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम मुहर बैठक में लग जाती है तो इसकी घोषणा रविवार को भी देर रात तक की जा सकती है। इन दोनों राज्यों में कोर कमेटी और प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में हर विधानसभा सीट पर उम्मीदवारों के नाम का एक पैनल तैयार किया जाएगा।

नामों के इस पैनल को पार्टी आलाकमान के पास दिल्ली भेजा जाएगा। दिल्ली में जेपी नड्डा और अमित शाह हरियाणा और जम्मू कश्मीर प्रदेश कोर ग्रुप के नेताओं के साथ बैठक कर एक-एक सीट पर विचार करेंगे और फिर इस लिस्ट को अंतिम मंजूरी के लिए पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में रखा जाएगा। चुनाव आयोग द्वारा घोषित किए गए कार्यक्रम के अनुसार जम्मू कश्मीर में तीन चरणों में विधानसभा का चुनाव होना है। राज्य में जिन 24 सीटों पर 18 सितंबर को मतदान होना है, उन सीटों पर नामांकन की आखिरी तारीख 27 अगस्त है। वहीं, 25 सितंबर को दूसरे चरण के तहत मतदान वाली 26 सीटों पर नामांकन की आखिरी तारीख 5 सितंबर है। तीसरे चरण के तहत राज्य की जिन 40 विधानसभा सीटों पर एक अक्टूबर को मतदान होना है, उन पर नामांकन की आखिरी तारीख 12 सितंबर है। हरियाणा में सभी 90 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में एक अक्टूबर को मतदान होना है। इन सभी सीटों पर नामांकन की आखिरी तारीख 12 सितंबर ही है। दोनों राज्यों में मतों की गिनती 4 अक्टूबर को होगी।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें