Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

Good Governance Day: अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती पर PM मोदी, राष्ट्रपति-उपराष्ट्रपति ने दी श्रद्धांजलि

December 25, 2025

Good Governance Day: अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती पर PM मोदी, राष्ट्रपति-उपराष्ट्रपति ने दी श्रद्धांजलि

Good Governance Day: आज देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर पूरे देशभर में उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस दिन को सुशासन दिवस के रूप में भी मनाया जाता है। राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री समेत कई प्रमुख नेताओं ने वाजपेयी के विचारों और योगदान को याद किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने साझा किया प्रेरक संदेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक विशेष वीडियो संदेश साझा करते हुए आदरणीय अटल जी की जन्म-जयंती हम सबके लिए उनके जीवन से प्रेरणा लेने का एक विशेष अवसर है। उनका आचरण, शालीनता, वैचारिक दृढ़ता और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प भारतीय राजनीति के लिए एक आदर्श मानक है। उन्होंने अपने जीवन से यह सिद्ध किया कि श्रेष्ठता पद से नहीं, आचरण से स्थापित होती है और वही समाज को दिशा देती है। इस अवसर पर मैं इस सुभाषित को साझा कर रहा हूं,

जो उनके जीवन के एक पहलू को परिभाषित करता है: यद्यदाचरति श्रेष्ठस्तत्तदेवेतरो जनः।

स यत्प्रमाणं कुरुते लोकस्तदनुवर्तते॥

सदैव अटल में श्रद्धांजलि कार्यक्रम

दिल्ली स्थित अटल बिहारी वाजपेयी के स्मारक ‘सदैव अटल’ में इस अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सहित कई वरिष्ठ नेता स्मारक पहुंचे और श्रद्धासुमन अर्पित किए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी सदैव अटल पहुंचे और पूर्व प्रधानमंत्री को नमन किया। वहां आयोजित संगीतबद्ध श्रद्धांजलि कार्यक्रम में अटल जी के जीवन और विचारों को स्मरण किया गया।

कई प्रमुख हस्तियों की मौजूदगी

इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी के अलावा पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू, भाजपा के वरिष्ठ नेता और हाल ही में कार्यकारी अध्यक्ष बने नितिन नवीन, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा सहित कई संत-महात्मा और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

अटल विरासत आज भी प्रासंगिक

अटल बिहारी वाजपेयी को एक दूरदर्शी नेता, प्रखर वक्ता और संवेदनशील कवि के रूप में याद किया जाता है। उनकी नीतियां, सुशासन की सोच और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता आज भी देश के लिए प्रेरणास्रोत बनी हुई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें