ATVM Machine : भारतीय रेल ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अब रेलवे स्टेशनों पर ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) लगाने की शुरुआत कर दी है। बता दें कि इस नई सुविधा के जरिए यात्रियों को अब जनरल (अनारक्षित) और प्लेटफॉर्म टिकट के लिए टिकट काउंटर पर लंबी कतारों में खड़ा नहीं होना पड़ेगा। त्योहारों, छुट्टियों और विशेष मौकों पर जब स्टेशन पर भीड़ बढ़ जाती है, उस समय यह मशीनें यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित होंगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, देश के सभी प्रमुख स्टेशनों पर चरणबद्ध तरीके से ATVM मशीनें लगाई जा रही हैं। इन मशीनों से न केवल अनारक्षित और प्लेटफॉर्म टिकट खरीदे जा सकेंगे, बल्कि सीजन टिकट को रिन्यू (नवीनीकरण) करने की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
कैसे करें ATVM का इस्तेमाल
ATVM मशीन का इस्तेमाल करना बेहद आसान है। यात्री मशीन के टच स्क्रीन पैनल पर जाकर सबसे पहले अपने गंतव्य स्टेशन का चयन करते हैं। इसके बाद यात्रा का मार्ग (रूट) चुनकर यह तय किया जाता है कि कितनी टिकट बुक करनी है। आगे बढ़ने पर भुगतान के लिए तीन विकल्प मिलते हैं रेलवे स्मार्ट कार्ड, रेल वॉलेट या फिर UPI पेमेंट।
अगर आपके पास रेलवे का स्मार्ट कार्ड है, तो उसे मशीन के कार्ड रीडर में टैप या इंसर्ट करें। कार्ड में मौजूद बैलेंस से भुगतान अपने आप हो जाएगा और तुरंत टिकट निकल आएगा। वहीं, अगर आप UPI से भुगतान करना चाहते हैं, तो स्क्रीन पर दिख रहे QR कोड को अपने मोबाइल के किसी भी UPI ऐप से स्कैन करें, भुगतान करें और टिकट प्रिंट हो जाएगी।
रेल वॉलेट का उपयोग करने वाले यात्रियों को अपने मोबाइल पर UTS ऐप में लॉगिन कर भुगतान प्रक्रिया पूरी करनी होगी। भुगतान सफल होने के बाद मशीन से टिकट प्राप्त की जा सकती है।
यात्रियों के लिए राहत
ATVM मशीनें विशेष रूप से उन यात्रियों के लिए लाभदायक हैं जो अक्सर लोकल या शॉर्ट-डिस्टेंस ट्रेन से सफर करते हैं। इससे न केवल समय की बचत होगी बल्कि टिकट खरीदने की प्रक्रिया भी पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी हो जाएगी।
भारतीय रेलवे का लक्ष्य है कि आने वाले समय में सभी बड़े और मध्यम स्टेशनों पर पर्याप्त संख्या में ATVM मशीनें लगाई जाएं ताकि किसी भी यात्री को टिकट के लिए परेशानी न उठानी पड़े। इस पहल से “डिजिटल इंडिया” और “पेपरलेस ट्रांजैक्शन” की दिशा में भी एक बड़ा कदम बढ़ाया गया है।