Site icon Dainik Savera Times

जम्मू-कश्मीर में हिमस्खलन, श्रीनगर-कारगिल मार्ग बंद

श्रीनगर : केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर-लेह राजमार्ग पर आठ दिनों से लगातार हिमपात होने से सोमवार को जोजिला दर्रे पर हिमस्खलन हुआ। यहां के एक यातायात पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। यातायात पुलिस ने बताया कि प्रदेश में ताजा हिमपात के बाद 17 अप्रैल से सड़क को वाहनों के आवागमन के लिए बंद कर दिया गया था। इसी बीच, यहां हिमस्खलन होने से राजमार्ग पर कई वाहन दब गए। फिलहाल, इस घटना से कोई आहत नहीं हुआ है और फंसे लोगों को बचा लिया गया।

इस वर्ष 16 मार्च 2023 में सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने 422 किमी लंबा श्रीनगर-कारगिल-लेह राजमार्ग को अपने निर्धारित समय से पहले खोल दिया था। उन्होंने बताया कि खराब मौसम की वजह से फिर से यहां हिमस्खलन होने के कारण सड़क बंद हो गई। जम्मू-कश्मीर यातायात पुलिस ने कहा कि राजमार्ग पर बर्फ जमा होने के कारण कारगिल को कश्मीर घाटी से जोड़ने वाला श्रीनगर-सोनमर्ग-गुमरी मार्ग सोमवार को बंद रहेगा।

अधिकारी ने कहा, बीआरओ के कर्मचारी और मशीनें सड़क पर जमा बर्फ को हटाने के कार्य में जुटी हुयी हैं। कारगिल पुलिस ने एक ट्वीट किया, हिमस्खलन के कारण सड़क पर बर्फ जमा होने के कारण 24 अप्रैल को राजमार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए बंद रखा गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि जोजिला दर्रे पर कई वाहन अभी भी फंसे हुए हैं।

Exit mobile version