Site icon Dainik Savera Times

CM रेखा गुप्ता आज करेंगी 33 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का उद्घाटन, लोगों के मिलेगी ये सुविधाएं

Ayushman Arogya Mandir

Ayushman Arogya Mandir

Ayushman Arogya Mandir : मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार राष्ट्रीय राजधानी के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठा रही है। शनिवार को राजधानी में 33 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का उद्घाटन किया जाएगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शनिवार को जनता के लिए सस्ती जेनेरिक दवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए 15 सरकारी अस्पतालों में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों का भी उद्घाटन करेंगी।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता 33 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में से एक का उद्घाटन व्यक्तिगत रूप से करेंगी, जबकि शेष 6 का उद्घाटन वर्चुअली किया जाएगा। शेष आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का उद्घाटन दिल्ली के कैबिनेट मंत्री करेंगे। कार्यक्रम में शामिल होने वाले 6 कैबिनेट मंत्रियों में स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह, लोक निर्माण मंत्री प्रवेश वर्मा, पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा, गृह और शिक्षा मंत्री आशीष सूद, समाज कल्याण मंत्री रविंदर इंद्रराज सिंह और संस्कृति और कला मंत्री कपिल मिश्रा शामिल हैं।

दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, सभी 33 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में 29 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और 4 उप-केंद्र शामिल हैं। ये पहले से ही चालू हैं और इनका प्रबंधन दिल्ली नगर निगम (एमसीडी), नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी), दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) और दिल्ली स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा किया जा रहा है।

दिल्ली में सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर खोलने की घोषणा की थी। सरकार का लक्ष्य जनता को स्वास्थ्य सेवाओं की एक विस्तृत श्रृंखला प्रदान करना है, जिसमें रोकथाम, उपचार, पुनर्वास और देखभाल जैसी सुविधाएं शामिल होंगी। ये केंद्र मौजूदा मोहल्ला क्लीनिकों की तुलना में अधिक सेवाएं प्रदान करेंगे, जिनमें कैंसर की जांच, टीकाकरण और परिवार नियोजन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

टीबी जांच के लिए एनएएटी मशीनें लगाई जा रही हैं, लेकिन तब तक वैकल्पिक तरीकों से टीबी जांच जारी रहेगी। दिल्ली सरकार ने चिकित्सा गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अन्य राज्यों की तरह इन केंद्रों पर सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों के बजाय एमबीबीएस डॉक्टरों को नियुक्त करने का फैसला किया।

Exit mobile version