Last Updated: October 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

31 अक्टूबर को होगा आज़ादी का अमृत महोत्सव का समापन और ‘मेरा युवा भारत’ का गठन: PM Modi

October 29, 2023

31 अक्टूबर को होगा आज़ादी का अमृत महोत्सव का समापन और ‘मेरा युवा भारत’ का गठन: PM Modi

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज घोषणा की कि इस वर्ष 31 अक्टूबर को एकता दिवस के मौके पर आज़ादी के अमृत महोत्सव का समापन होने के साथ ही एक बहुत बड़े राष्ट्रव्यापी संगठन ‘मेरा युवा भारत’ की नींव रखी जाएगी जो नौजवानों को राष्ट्रनिर्माण के विभिन्न आयोजनों में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर प्रदान करेगा। मोदी ने यहां आकाशवाणी पर अपने नियमित मासिक कार्यक्रम मन की बात की 106वीं कड़ी में यह घोषणा की। मोदी ने कहा कि 31 अक्टूबर का दिन हम सभी के लिए बहुत विशेष होता है। इस दिन हमारे लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जन्म-जयंती मनाते हैं। हम भारतवासी, उन्हें, कई वजहों से याद करते हैं और श्रद्धापूर्वक नमन करते हैं। सबसे बड़ी वजह है- देश की 580 से ज्यादा रियासतों को जोड़ने में उनकी अतुलनीय भूमिका।

उन्होंने कहा कि हम जानते हैं हर साल 31 अक्टूबर को गुजरात में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर एकता दिवस से जुड़ा मुख्य समारोह होता है। इस बार इसके अलावा दिल्ली में कर्तव्य पथ पर एक बहुत ही विशेष कार्यक्रम आयोजित हो रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘आपको याद होगा, मैंने पिछले दिनों देश के हर गाँव से, हर घर से मिट्टी संग्रह करने का आग्रह किया गया था।हर घर से मिट्टी संग्रह करने के बाद उसे कलश में रखा गया और फिर अमृत कलश यात्राएं निकाली गईं। देश के कोने-कोने से एकत्रित की गयी ये माटी, ये हजारों अमृत कलश यात्राएं अब दिल्ली पहुँच रही हैं।यहाँ दिल्ली में उस मिट्टी को एक विशाल भारत कलश में डाला जाएगा और इसी पवित्र मिट्टी से दिल्ली में ‘अमृत वाटिका’ का निर्माण होगा। यह देश की राजधानी के हृदय में अमृत महोत्सव की भव्य विरासत के रूप में मौजूद रहेगी।’’

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘31 अक्टूबर को ही देशभर में पिछले ढ़ाई साल से चल रहे आजादी के अमृत महोत्सव का समापन होगा। आप सभी ने मिलकर इसे दुनिया में सबसे लंबे समय तक चलने वाले महोत्सव में से एक बना दिया। अपने सेनानियों का सम्मान हो या फिर हर घर तिरंगा, आजादी के अमृत महोत्सव में, लोगों ने अपने स्थानीय इतिहास को, एक नई पहचान दी है। इस दौरान सामुदायिक सेवा की भी अछ्वुत मिसाल देखने को मिली है।’’ मोदी ने कहा, ‘‘मैं आज आपको एक और खुशखबरी सुना रहा हूँ, विशेषकर मेरे नौजवान बेटे-बेटियों को, जिनके दिलों में देश के लिए कुछ करने का जज़्बा है, सपने हैं, संकल्प हैं। ये खुशखबरी देशवासियों के लिए तो है ही है, मेरे नौजवान साथियो आपके लिए विशेष है। दो दिन बाद ही 31 अक्टूबर को एक बहुत बड़े राष्ट्रव्यापी संगठन की नींव रखी जा रही है और वो भी सरदार पटेल की जन्मजयन्ती के दिन। इस संगठन का नाम है – मेरा युवा भारत, यानी माईभारत संगठन। यह संगठन भारत के युवाओं को राष्ट्रनिर्माण के विभिन्न आयोजनों में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर देगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ये, विकसित भारत के निर्माण में भारत की युवा शक्ति को एकजुट करने का एक अनोखा प्रयास है। ‘मेरा युवा भारत’ की वेबसाइट माईभारत भी शुरू होने वाली है। मैं युवाओं से आग्रह करूँगा, बार-बार आग्रह करूंगा कि आप सभी मेरे देश के नौजवान, आप सभी मेरे देश के बेटे-बेटी माईभारत डॉट जीओवी डॉट इन पर रजिस्टर करें और विभिन्न कार्यक्रम के लिए साइन अप करें।’’ मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को भी उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा, ‘‘31 अक्टूबर को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गाँधी जी की पुण्यतिथि भी है। मैं उन्हें भी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें