Site icon Dainik Savera Times

पिता संग महाकुंभ पहुंचीं बैडमिंटन स्टार साइना नेहवाल, बोलीं- पवित्र आयोजन का हिस्सा बनकर हो रहा विशेष अनुभव

Saina Nehwal: महाकुंभ के पावन अवसर पर देश-विदेश से श्रद्धालु संगम में स्नान के लिए उमड़ रहे हैं। इसी क्रम में भारत की स्टार शटलर और पूर्व ओलंपिक कांस्य पदक विजेता साइना नेहवाल भी संगम में आस्था की डुबकी लगाने के लिए बुधवार को महाकुंभ पहुंचीं। उन्होंने कहा कि यह दुनिया का सबसे बड़ा आध्यात्मिक आयोजन है और वह खुद को सौभाग्यशाली मानती हैं कि उन्हें यहां आने का अवसर मिला।

साइना ने कहा, इस पवित्र आयोजन का हिस्सा बनकर विशेष अनुभव हो रहा है। मैं उत्तर प्रदेश सरकार को इस भव्य आयोजन के लिए बधाई देती हूं। उम्मीद है कि ज्यादा से ज्यादा लोग यहां आएंगे और इसे विश्वभर में प्रसिद्ध बनाएंगे।

साइना ने आगे बताया कि वह भविष्य में भी अपनी मां के साथ यहां आने की इच्छा रखती हैं। साइना ने कहा, यह एक बहुत बड़ा उत्सव है। मैं खुद को सौभाग्यशाली मानती हूं कि मुझे यहां आने का अवसर मिला। मैं खुश हूं कि सभी लोग एकजुट हुए और दिखाया कि हम कितने मजबूत हैं। मुझे गर्व है कि यह उत्सव हमारे देश में हो रहा है।

साइना नेहवाल ने देश के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं और कहा कि आध्यात्मिक आयोजन हमें ऊर्जा और सकारात्मकता से भरते हैं।

उन्होंने देश के विकास के लिए प्रार्थना करते हुए कहा, मैं प्रार्थना करती हूं कि हमारा राष्ट्र और अधिक प्रगति करे और उन्नति के नए आयाम छूए।

उल्लेखनीय है कि महाकुंभ में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु संगम में स्नान और आध्यात्मिक अनुष्ठानों में भाग लेने आ रहे हैं। उत्तर प्रदेश सरकार ने इस ऐतिहासिक आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए विशेष प्रबंध किए हैं।

Exit mobile version