Site icon Dainik Savera Times

‘मुझे हरियाणा का बेटा समझकर माफ कर दीजिए’, टटीरी सॉन्ग विवाद पर बादशाह ने मांगी माफी

Badshah apologizes for the 'Tettiri' song controversy

Badshah apologizes for the 'Tettiri' song controversy

नेशनल डेस्क: रैपर और सिंगर बादशाह ने अपने नए हरियाणवी ट्रैक ‘टटीरी’ के लिरिक्स और विजुअल्स को लेकर उठे विवाद पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। बादशाह ने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में कहा कि गाने के एक हिस्से से कई लोगों, खासकर हरियाणा के लोगों की भावना को ठेस पहुंची है।

किसी को ठेस पहुंची तो तहे दिल से क्षमा मांगता हूं- बादशाह 

उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका इरादा किसी को ठेस पहुंचाने या किसी बच्चे-महिला के बारे में गलत बात कहने का नहीं था। इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए वीडियो में बादशाह कहते नजर आए, “हेलो दोस्तों, मैं बादशाह। मेरा नया गाना ‘टटीरी’ रिलीज हुआ है और मैं देख रहा हूं कि उसके एक हिस्से में मेरे लिरिक्स और विजुअल्स की वजह से जो मैसेज गया है, उससे कई लोगों को, खासकर मेरे अपने हरियाणा के लोगों को ठेस पहुंची है। सबसे पहले मैं यह कहना चाहता हूं कि मैं खुद हरियाणा से हूं। मेरी बोली, खान-पान, रहन-सहन, पहचान सब हरियाणा से जुड़ी है। मैं गर्व से कहता हूं कि मैं हरियाणवी हूं।”

 

उन्होंने आगे बताया, “हिप-हॉप जॉनर में लिरिक्स अक्सर प्रतिद्वंद्वी को नीचा दिखाने के लिए इस्तेमाल होते हैं। ये किसी औरत या बच्चे के लिए कभी नहीं था और न मैं कभी ऐसा करूंगा। मैंने हमेशा हरियाणा के कल्चर और बोली को ऊंचाई पर ले जाने की कोशिश की है, लेकिन अगर किसी को ठेस पहुंची है तो मैं तहे दिल से क्षमा मांगता हूं। मुझे हरियाणा का बेटा समझकर, अपना बेटा समझकर आप माफ करेंगे, ऐसी उम्मीद करता हूं।”

गाना 1 मार्च 2026 को रिलीज हुआ

गाना 1 मार्च 2026 को रिलीज हुआ था, जिसमें सिमरन जगलन के साथ बादशाह ने परफॉर्म किया। हरियाणवी हिप-हॉप स्टाइल में बने इस ट्रैक के कुछ लिरिक्स और वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म वाली लड़कियों के विजुअल्स को लेकर सोशल मीडिया पर भारी आलोचना हुई। कई लोगों ने इसे आपत्तिजनक, अश्लील और महिलाओं का अपमान बताया।

पंचकूला में बादशाह के खिलाफ FIR दर्ज 

हरियाणा राज्य महिला आयोग ने संज्ञान लेते हुए बादशाह को समन जारी किया है। पंचकूला के साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ मामला दर्ज हुआ और गाने का वीडियो यूट्यूब से हटा दिया गया है। पुलिस ने लुकआउट सर्कुलर की प्रक्रिया भी शुरू की है।

Exit mobile version