Site icon Dainik Savera Times

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह आज आएंगे भारत, PM मोदी से होगी द्विपक्षीय वार्ता

Balen Shah India visit

Balen Shah India visit

Balen Shah India visit: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह रविवार को दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर भारत पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर 22 और 23 नवंबर को होने वाली यह यात्रा शाह के प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद भारत की पहली और उनकी पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा है।

विदेश मंत्रालय (MEA) के अनुसार, इस यात्रा के दौरान भारत और नेपाल के बीच संबंधों के संपूर्ण दायरे की समीक्षा की जाएगी। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने के उपायों पर चर्चा होगी।

शाह इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी मुलाकात करेंगे। वहीं, सोमवार 23 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी द्विपक्षीय वार्ता प्रस्तावित है। इस दौरान दोनों भारत-नेपाल संबंधों के सभी प्रमुख पहलुओं की समीक्षा करने के साथ आपसी हितों से जुड़े क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।

नेपाल के विदेश मंत्रालय के अनुसार, बालेन्द्र शाह रविवार को नेपाल एयरलाइंस की उड़ान से नई दिल्ली रवाना होंगे। उनके साथ वित्त मंत्री स्वर्णिम वाग्ले, विदेश मंत्री शिशिर खनाल, प्रधानमंत्री के मुख्य सलाहकार कुमार ब्यानजनकर और वरिष्ठ सरकारी अधिकारी भी होंगे।

विदेश सचिव ने दी थी जानकारी
नेपाल के विदेश सचिव अमृत बहादुर राय ने शुक्रवार को एक प्रेस वार्ता में बताया था कि दोनों देशों के प्रधानमंत्री 23 नवंबर को प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत करेंगे। इसमें आपसी हितों से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा होगी। द्विपक्षीय वार्ता के बाद दोनों नेता संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को भी संबोधित करेंगे।

ये भी पढ़ें- हुक्मनामा श्री हरमंदिर साहिब जी 22 Nov 2026

 

प्रधानमंत्री मोदी अपने नेपाली समकक्ष और उनके प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में आधिकारिक दोपहर के भोज का आयोजन भी करेंगे। राय के मुताबिक, यात्रा के दौरान संपर्क और ऊर्जा सहयोग से जुड़ी पूरी हो चुकीं कई परियोजनाओं का उद्घाटन किए जाने की संभावना है। इसके अलावा नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी जाएगी।

आर्थिक सहयोग मजबूत करने पर होगा जोर!
दोनों देशों के बीच बातचीत में व्यापार, परिवहन, निवेश, ऊर्जा, संपर्क नेटवर्क और बुनियादी ढांचे के विकास जैसे क्षेत्रों में आर्थिक सहयोग मजबूत करने पर विशेष जोर रहने की उम्मीद है। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, खेल, आपदा प्रबंधन और मानव संसाधन विकास से जुड़े सहयोग के लिए कई समझौता ज्ञापनों (एमओयू) का आदान-प्रदान भी प्रस्तावित है।

सरकारी प्रतिनिधिमंडल में होंगे 34 सदस्य
नेपाल से रवाना होने वाले आधिकारिक सरकारी प्रतिनिधिमंडल में 34 सदस्य होंगे। नेपाल के भारत में राजदूत और कुछ अन्य सदस्य नई दिल्ली में प्रतिनिधिमंडल से जुड़ेंगे। इसके अतिरिक्त, दोनों देशों के बीच कारोबारी सहयोग को बढ़ावा देने के लिए 52 सदस्यीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भी अपने खर्च पर इस यात्रा में शामिल होगा।

बिजनेस फोरम का भी आयोजन
इस दौरान नेपाल-भारत बिजनेस फोरम का भी आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य नेपाल में भारतीय निवेश को आकर्षित करना और दोनों देशों के कारोबारियों को साझेदारी तथा निवेश के नए अवसर तलाशने के लिए मंच उपलब्ध कराना है।

विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से चले आ रहे संबंधों को रेखांकित करते हुए कहा कि दोनों पड़ोसी देशों के रिश्ते ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत जुड़ाव के साथ मजबूत जनसंपर्क पर आधारित हैं।

नेबरहुड फर्स्ट की नीति
मंत्रालय के अनुसार, व्यापार और वाणिज्य, विकास साझेदारी, ऊर्जा एवं जल संसाधन तथा भौतिक और डिजिटल संपर्क जैसे विविध क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग ने प्रगति की है।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह यात्रा दोनों देशों के बीच नियमित उच्चस्तरीय आदान-प्रदान की परंपरा को आगे बढ़ाती है। साथ ही यह भारत की ‘पड़ोसी प्रथम’ (नेबरहुड फर्स्ट) नीति के तहत नेपाल के साथ संबंधों को दिए जाने वाले महत्व को भी दर्शाती है।

Exit mobile version