Bank of Baroda : बैंक में नौकरी की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए अच्छी खबर है। बैंक ऑफ बड़ौदा ने लोकल बैंक ऑफिसर (LBO) के 2,482 पदों पर भर्ती निकाली है। इस भर्ती के लिए इच्छुक उम्मीदवार ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
यह भर्ती जूनियर मैनेजमेंट ग्रेड/स्केल-I यानी JMG/S-I के तहत नियमित आधार पर होगी। बैंक की ओर से ऑनलाइन परीक्षा अक्टूबर 2026 के पहले सप्ताह में आयोजित किए जाने की संभावना है।
अलग-अलग राज्यों में भरे जाएंगे पद
इस भर्ती के जरिए देश के अलग-अलग राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लोकल बैंक ऑफिसर के पद भरे जाएंगे। कुल 2,482 पदों में गुजरात में सबसे ज्यादा 1,185 वैकेंसी हैं। इसके अलावा कर्नाटक में 418 और महाराष्ट्र में 218 पद शामिल हैं। उम्मीदवार जिस राज्य के लिए आवेदन करेंगे, उन्हें वहां की स्थानीय भाषा की जानकारी होना जरूरी है।
कौन कर सकता है आवेदन?
लोकल बैंक ऑफिसर पद के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से किसी भी विषय में ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। इसके साथ ही उम्मीदवार के पास किसी शेड्यूल्ड कमर्शियल बैंक में अधिकारी पद पर कम से कम 1 साल का काम का अनुभव होना जरूरी है। आवेदन करने वाले उम्मीदवार की उम्र 21 से 30 साल के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग को नियमों के अनुसार उम्र में छूट मिलेगी।
आवेदन शुल्क कितना है?
आवेदन करने के लिए सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 850 रुपये शुल्क देना होगा। वहीं एससी, एसटी, पीडब्ल्यूडी, ईएसएम और महिला उम्मीदवारों के लिए शुल्क 150 से 175 रुपये के बीच निर्धारित किया गया है।
कैसे होगा उम्मीदवारों का चयन?
उम्मीदवारों को भर्ती प्रक्रिया के कई चरणों से गुजरना होगा। सबसे पहले ऑनलाइन लिखित परीक्षा हो सकती है। इसके बाद लोकल लैंग्वेज टेस्ट, साइकोमेट्रिक टेस्ट और ग्रुप डिस्कशन या इंटरव्यू कराया जा सकता है। इन चरणों में सफल उम्मीदवारों के दस्तावेजों की जांच होगी और इसके बाद मेडिकल टेस्ट की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
48,480 रुपये से शुरू होगी सैलरी
चयनित उम्मीदवारों को JMG Scale-I में नियुक्त किया जाएगा। इस पद पर शुरुआती बेसिक सैलरी 48,480 रुपये प्रति माह होगी। अनुभव और वेतनमान के अनुसार यह अधिकतम 85,920 रुपये तक जा सकती है। इसके अलावा बैंक के नियमों के अनुसार अन्य भत्ते और सुविधाएं भी मिलेंगी।
3 साल की सर्विस जरूरी
इस भर्ती में चयनित उम्मीदवारों को 3 साल की एक्टिव सर्विस पूरी करने के लिए सर्विस बॉन्ड देना होगा। अगर कोई कर्मचारी तय समय से पहले बैंक की नौकरी छोड़ता है, तो नियमों के अनुसार उसे 3 महीने की ग्रॉस सैलरी के बराबर राशि देनी पड़ सकती है। इसकी अधिकतम सीमा 2 लाख रुपये बताई गई है।
उम्मीदवार आवेदन करने से पहले बैंक की ओर से जारी भर्ती नोटिफिकेशन में योग्यता, फीस, आयु सीमा और अन्य नियमों को ध्यान से जरूर पढ़ें।

