Bastara Toll tax increased : करनाल। राष्ट्रीय राजमार्ग पर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए सफर महंगा हो गया है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) के निर्देश पर करनाल के बसताड़ा टोल प्लाजा सहित देशभर के टोल प्लाजा पर नई टोल दरें लागू कर दी हैं।
आधी रात से प्रभावी हुए नए रेट के बाद कार, जीप, बस, ट्रक और भारी व्यावसायिक वाहनों के टोल शुल्क में 5 से 30 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। इसका सीधा असर रोजाना हजारों वाहन चालकों और माल ढुलाई करने वाले ट्रांसपोर्टरों पर पड़ेगा। बसताड़ा टोल प्लाजा के ऑपरेशन मैनेजर प्रदीप मलिक ने बताया कि एनएचएआई के आदेशानुसार संशोधित दरें लागू की गई हैं। अब कार, जीप और वैन के लिए सिंगल जर्नी का टोल 200 रुपये और 24 घंटे के भीतर वापसी करने पर डबल जर्नी का शुल्क 295 रुपये होगा।
हल्के व्यावसायिक वाहनों (एलसीवी/एलजीवी) के लिए सिंगल जर्नी 320 रुपये तथा डबल जर्नी 480 रुपये तय की गई है। बस और ट्रक चालकों को अब सिंगल जर्नी के लिए 670 रुपये और डबल जर्नी के लिए 1005 रुपये चुकाने होंगे। तीन एक्सल वाले वाहनों का शुल्क 730 रुपये (सिंगल) और 1095 रुपये (डबल) कर दिया गया है। वहीं 4 से 6 एक्सल वाले भारी वाहनों के लिए 1050 रुपये (सिंगल) और 1575 रुपये (डबल) निर्धारित किए गए हैं। 7 या उससे अधिक एक्सल वाले वाहनों को सिंगल जर्नी के लिए 1275 रुपये और डबल जर्नी के लिए 1915 रुपये का भुगतान करना होगा।
टोल प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि डबल जर्नी का लाभ केवल 24 घंटे के भीतर वापसी करने वाले वाहनों को ही मिलेगा। नई दरों के लागू होने के साथ ही नियमित रूप से हाईवे पर सफर करने वाले यात्रियों, ट्रांसपोर्टरों और व्यावसायिक वाहन संचालकों की लागत बढ़ जाएगी, जिसका असर माल ढुलाई और परिवहन खर्च पर भी देखने को मिल सकता है।
Also Read:
मेष: दिन शुभ रहेगा...