Site icon Dainik Savera Times

मैच के बीच मधुमक्खियों के झुंड का हमला, अंपायर की मौत, कई खिलाड़ी घायल

Bee Attack During Cricket Match

Bee Attack During Cricket Match

नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में क्रिकेट मैच के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। बुधवार शाम शुक्लागंज इलाके के सप्रू मैदान में चल रहे मैच के बीच अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। इस घटना में 65 वर्षीय अंपायर मणिक गुप्ता की मौत हो गई और करीब 15 से 20 खिलाड़ी घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, मणिक गुप्ता कानपुर के रहने वाले थे और मैच में अंपायरिंग कर रहे थे। खेल जारी था कि तभी अचानक मधुमक्खियों का बड़ा झुंड मैदान पर आ गया और खिलाड़ियों, अंपायरों व अन्य लोगों पर हमला कर दिया। देखते ही देखते मैदान में अफरातफरी मच गई। खिलाड़ी और दर्शक खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मधुमक्खियों ने मणिक गुप्ता को कई जगह डंक मारे, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई। वे बेहोश होकर मैदान में गिर पड़े। उन्हें तुरंत शुक्लागंज के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें कानपुर के लाला लाजपत राय अस्पताल रेफर कर दिया। वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, एक अन्य अंपायर और लगभग 15 से 20 खिलाड़ियों को भी मधुमक्खियों ने डंक मारा। सभी घायलों का इलाज कराया गया और उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।

कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष एस.एन. सिंह ने घटना पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद और अप्रत्याशित घटना है, जब मणिक गुप्ता को अस्पताल ले जाया जा रहा था, तब भी मधुमक्खियां उनके चेहरे और शरीर से चिपकी हुई थीं, जिससे हमले की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। संघ ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।

घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। आशंका जताई जा रही है कि मैदान के आसपास कहीं मधुमक्खियों का छत्ता था, जिससे यह हमला हुआ। इस हादसे के बाद खेल आयोजनों में सुरक्षा इंतजाम और आपातकालीन तैयारियों को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

Video: होली मेले में न हो मांसाहार की बिक्री,हिन्दू एकता मंच ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

Exit mobile version