Bengal Police raid: पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में सुरक्षा एजेंसियों को एक बड़ी सफलता मिली है। राज्य की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने खुफिया सूचनाओं के आधार पर उत्तर 24 परगना और दक्षिण 24 परगना जिलों के विभिन्न इलाकों में व्यापक तलाशी अभियान चलाकर बड़ी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए हैं।
सूत्रों के अनुसार STF ने कुमराखाली के सरबेरिया बाजार, बसंती और संदेशखाली क्षेत्रों में एक साथ कई स्थानों पर छापेमारी की। इस संयुक्त अभियान में बसीरहाट पुलिस जिला बल और स्थानीय पुलिस ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। तलाशी के दौरान कई अवैध बंदूकें, पिस्तौलें और बड़ी संख्या में कारतूस बरामद किए गए, जिन्हें कथित तौर पर गुप्त रूप से छिपाकर रखा गया था।
स्रोत का लगाया जा रहा पता
जांच एजेंसियों का मानना है कि इन हथियारों का इस्तेमाल क्षेत्र में अशांति फैलाने और हिंसक घटनाओं को अंजाम देने के लिए किया जा सकता था। बरामद हथियारों के स्रोत और इनके पीछे सक्रिय नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच तेज कर दी गई है। अधिकारी यह भी पता लगाने में जुटे हैं कि इन हथियारों की आपूर्ति कहां से हुई और इन्हें किन उद्देश्यों के लिए जमा किया गया था।
पुलिस टीमों को दी बधाई
इस कार्रवाई के बाद राज्य सरकार ने सुरक्षा बलों की तत्परता की सराहना की है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में STF, पश्चिम बंगाल पुलिस, डीजीपी कार्यालय और बसीरहाट पुलिस जिले की टीमों को बधाई देते हुए कहा कि सटीक खुफिया जानकारी और बेहतर समन्वय के कारण यह अभियान सफल हो सका।
महत्वपूर्ण उपलब्धि की हासिल
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षा एजेंसियों ने शांति और कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने के इरादे से छिपाकर रखे गए हथियारों और गोला-बारूद के बड़े जखीरे को जब्त कर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार अपराध और अवैध हथियारों के नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखेगी।
Kudos to the West Bengal Police for a Major Breakthrough.
On precise intelligence inputs, the Special Task Force (STF) conducted extensive raids across multiple locations near Sarberia Bazaar in Kumrakhali, Basanti, and Sandeshkhali areas.
Forces have successfully seized a… pic.twitter.com/pPZhT4VwQd— Suvendu Adhikari (@SuvenduWB) June 6, 2026
अपने बयान में मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती शासन पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि अतीत में ऐसे अवैध हथियारों का इस्तेमाल आम लोगों को डराने और राजनीतिक हिंसा को बढ़ावा देने के लिए किया जाता था।
जारी रहेगा अभियान
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब राज्य में कानून का राज स्थापित करने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पश्चिम बंगाल के हर हिस्से से अवैध हथियारों का सफाया करने और आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। सरकार का लक्ष्य राज्य में शांति, सुरक्षा और लोकतांत्रिक माहौल को और अधिक मजबूत बनाना है।
हो सकते है महत्वपूर्ण खुलासे
फिलहाल STF और अन्य जांच एजेंसियां बरामद हथियारों से जुड़े पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं। अधिकारियों का मानना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।

