भिवानी। छोटी काशी के नाम से मशहूर भिवानी में इन दिनों महिला चोर गिरोह पूरी तरह से सक्रिय है। ये महिलाएं बाजार में आने वाली महिलाओं को निशाना बनाती हैं और देखते ही देखते उनके पर्स पर हाथ साफ कर देती हैं।
ठीक ऐसा ही मामला आज प्रकाश में आया। जब पुलिस ने इस गिरोह की दो महिलाओं को रंगे हाथ पकड़ लिया। पुलिस अब आरोपियों के पुराने रिकॉर्ड और अन्य मामलों में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है। बताया गया कि पीड़िता को शक होने पर उसने तुरंत दोनों महिलाओं को रोक लिया, जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने भी उन्हें घेर लिया। सूचना मिलने पर सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों महिलाओं को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। सिटी थाना प्रभारी जरनैल सिंह ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि बाजार में दो महिलाओं को चोरी के आरोप में लोगों ने पकड़ा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों महिलाओं को हिरासत में लिया। कोंट रोड निवासी सुमन की शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उसके पर्स से करीब 2800 रुपये चोरी किए गए हैं। फिलहाल पुलिस चोरी की गई रकम बरामद करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस ने बताया कि महिलाओं की पहचान बलियाली निवासी कुसुम और मोहिनी के रूप में हुई है। दोनों की उम्र करीब 22 से 23 वर्ष बताई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के पुराने रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। यदि इनके खिलाफ पहले भी इसी तरह के मामले दर्ज मिले तो उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी महिलाओं का तरीका काफी अलग था। पुलिस के अनुसार दोनों पहले महिलाओं से घुलमिल जाती थीं और बातचीत शुरू कर देती थीं।
इसके बाद जिस महिला को निशाना बनाना होता, उसके साथ ऑटो या भीड़भाड़ वाली जगह पर रहने की कोशिश करती थीं। मौका मिलते ही वे महिला के पर्स या बैग से पैसे निकाल लेती थीं और फिर वहां से निकल जाती थीं। पुलिस का कहना है कि पिछले कई दिनों से इस तरह की शिकायतें सामने आ रही थीं और अब पकड़ी गई महिलाओं से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि कहीं वे अन्य वारदातों में भी शामिल तो नहीं रहीं। पुराने मामलों की भी होगी जांच: भिवानी सिटी थाना प्रभारी जरनैल सिंह ने कहा कि पुलिस अब दोनों महिलाओं से पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि क्या उन्होंने भिवानी या आसपास के क्षेत्रों में पहले भी इसी तरह की घटनाओं को अंजाम दिया है।
Also Read :
मेष: दिन शुभ रहेगा...