नई दिल्ली: कमेटी के अध्यक्ष अजरुन कुमार ने बताया कि इस वर्ष का भव्य रामलीला मंचन 22 सितंबर से 3 अक्टूबर 2025 तक आयोजित होगा तथा दशहरा पर्व 2 अक्टूबर 2025 को पूरे देश में धूमधाम से मनाया जाएगा। भूमि पूजन कार्यक्रम का शुभारंभ दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और सांसद प्रवीण खंडेलवाल के कर-कमलों से संपन्न हुआ। इस अवसर पर वृंदावन, मथुरा और दिल्ली के विद्वान ब्राह्मणों द्वारा मंत्रोच्चार और विधिविधान के साथ पूजा-अर्चना सम्पन्न की गई।
मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा, ‘लव कुश रामलीला कमेटी भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखे हुए है। यह न केवल प्रभु राम की लीला का मंचन करती है, बल्कि सामाजिक सेवा और जनहित के कार्यों में भी सक्रिय है।’ अजरुन कुमार ने दिल्ली सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रामलीलाओं के लिए पुलिस लाइसेंस प्रक्रिया समाप्त करना और डीडीए द्वारा मेले हेतु 25-40 फीसदी ग्राउंड का आवंटन, कलाकारों और आयोजकों के लिए बड़ी राहत है। उन्होंने यह भी बताया कि इस वर्ष रामलीला हाईटेक डिजिटल मंचन के साथ होगी। लगभग 100 देशी-विदेशी टीवी चैनलों पर इसका सीधा प्रसारण (लाइव टेलीकास्ट) किया जाएगा। इस बार बॉलीवुड के लगभग 40 फिल्म कलाकार मंचन करेंगे।
कमेटी के महासचिव भाष गोयल ने बताया कि इस अवसर पर बांसुरी स्वराज सांसद, योगेंद्र चंदोलिया सांसद, विजेंद्र गुप्ता अध्यक्ष दिल्ली विधानसभा, अशोक गोयल देवरहा विधायक सहित अनेक गणमान्य अतिथियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सुंदर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। भूमि पूजन समारोह में कमेटी के पदाधिकारी सत्यभूषण जैन भी उपस्थित रहे।

