
नई दिल्ली : दिल्ली विधानसभा में सोमवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मिलकर कई महिला लाभार्थी भावुक हो गईं। मुख्यमंत्री ने लड़कियों की शिक्षा को बढ़ावा देने और उन्हें सशक्त बनाने के लिए ‘विद्या वाहिनी योजना’ के तहत छात्राओं में साइकिलें बांटीं। सीएम रेखा गुप्ता ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि दिल्ली सरकार लड़कियों का आत्मविश्वास बढ़ाने और उनके सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा, दिल्ली सरकार प्रदेश की बेटियों का आत्मविश्वास बढ़ाना चाहती है। हमारी सरकार उनके साथ खड़ी है ताकि वे अधिक आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें। हम उनकी सुरक्षा, सम्मान, स्वास्थ्य और भलाई से जुड़ी हर जरूरत को पूरा करना चाहते हैं ताकि जन्म के समय से ही लड़की को ‘लखपति योजना’ के माध्यम से सशक्त बनाया जा सके। उन्होंने लड़कियों को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करने पर सरकार के फोकस पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा, हम यह सुनिश्चित करने के लिए काम कर रहे हैं कि जैसे ही कोई लड़की बड़ी होकर 9वीं कक्षा में पहुंचे, उसे साइकिल मिले और वह अधिक स्वतंत्र बने। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कई योजनाएं शुरू की गई हैं, जिनका उद्देश्य देशभर में लड़कियों और महिलाओं को सशक्त बनाना है। ‘विद्या वाहिनी योजना’ के तहत मुख्यमंत्री गुप्ता ने छात्राओं को साइकिलें बांटी। इस कदम का उद्देश्य शिक्षा तक पहुंच में सुधार करना और लड़कियों के स्कूल जाने को प्रोत्साहित करना है।