Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिल्ली सीएम आतिशी का बड़ा फैसला, कहा- महिलाओं को देखकर स्टॉप पर बस न रोकने वाले ड्राइवरों-कंडक्टरों पर होगी कड़ी कारवाई

December 31, 2024

दिल्ली सीएम आतिशी का बड़ा फैसला, कहा- महिलाओं को देखकर स्टॉप पर बस न रोकने वाले ड्राइवरों-कंडक्टरों पर होगी कड़ी कारवाई

नई दिल्ली: दिल्ली के अंदर महिलाओं को देखकर बसें न रोकने वाले डीटीसी और क्लस्टर बसों के ड्राइवर और कंडक्टर पर अब होगी करवाई। दिल्ली सरकार ने इन बसों के ड्राइवर और कंडक्टर को सस्पेंड करने का आदेश जारी किया है।

दरअसल, दिल्ली के व‍िभ‍िन्‍न हिस्सों से म‍ह‍िलाएं दिल्ली सरकार और मुख्यमंत्री आतिशी से शिकायत कर रही हैं कि निर्धारित स्टॉप पर उनको देखकर डीटीसी और क्लस्टर बसों के ड्राइवर नहीं रुकते हैं। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सीएम आतिशी ने कार्रवाई का आदेश दिया। साथ ही, सीएम आतिशी ने महिलाओं से अपील की है कि अगर कोई बस अपने निर्धारित स्टॉप पर नहीं रुकती है, तो महिलाएं उसकी फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर डाल दें, उसके ड्राइवर और कंडक्टर के ख़िलाफ़ एक्शन लिया जाएगा।

दिल्ली में ज्यादा से ज्यादा महिलाएं और बेटियां नौकरी व पढ़ाई के लिए बस से सफ़र करें, इसके लिए ही सरकार ने बस यात्रा मुफ़्त की हुई है। आतिशी ने सोमवार को कहा कि दिल्ली सरकार को और मुझे व्यक्तिगत तौर पर दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों से महिलाओं की शिकायत आ रही थी कि जो डीटीसी और कलस्टर बसों के ड्राइवर और कंडक्टर अक्सर महिलाओं को देखकर बस नहीं रोकते हैं। अगर किसी बस स्टॉप पर सिर्फ महिलाएं खड़ी होती हैं, तो ड्राइवर बस नहीं रोकते और लेकर आगे निकल जाते हैं। दिल्ली के कई हिस्सों से यह शिकायत आई है। मैं सबसे पहले दिल्ली की महिलाओं को यह आश्वस्त करना चाहती हूं कि वह बसों में ज्यादा से ज्यादा संख्या में यात्रा करें। उसके लिए दिल्ली सरकार प्रतिबद्ध है। यही कारण है कि दिल्ली सरकार ने महिलाओं के लिए बस यात्रा फ्री की हुई है। क्योंकि जब महिलाओं के लिए बस यात्रा फ्री होगी, तो महिलाएं अपने घर से बाहर निकलेंगी, लड़कियां कॉलेज जाएंगी। महिलाएं अपने घर से दूर भी काम की तलाश कर सकती हैं।

महिलाएं जितनी ज्यादा से ज्यादा संख्या में घरों से बाहर निकलती हैं, उससे किसी भी अर्थव्यवस्था का विकास होता है। दिल्ली में सभी महिलाओं के लिए बस यात्रा फ्री की गई है और हम प्रतिबद्ध हैं कि महिलाएं ज्यादा से ज्यादा संख्या में बसों में यात्रा करें।

आतिशी ने कहा कि हमने दिल्ली सरकार के परिवहन विभाग की तरफ से डीटीसी और कलस्टर की सभी बसों और कंडक्टरों के लिए यह आदेश निकलवाया है और सख्त निर्देश दिए हैं कि अगर कोई ड्राइवर, कंडक्‍टर महिलाओं के लिए बस नहीं रोकता हुआ पाया गया, ताे उसके ख‍िलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी। ड्राइवर और कंडक्टर दोनों को सस्पेंड किया जाएगा।

आत‍िशी ने कहा क‍ि मैं दिल्ली की महिलाओं से यह भी निवेदन करूंगी कि अगर आप कहीं भी ऐसा देखती हैं कि बसों को नहीं रोका जा रहा है तो आप बस की फोटो लीजिए। बस के लाइसेंस नंबर की फोटो लीजिए और सोशल मीडिया पर डालिए। सोशल मीडिया पर अगर कोई भी ऐसी शिकायत आती है, तो उसके आधार पर ड्राइवर और कंडक्टर के ख‍िलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ड्राइवर को सस्पेंड किया जाएगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें