नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर आयोजित सेवा पखवाड़े के अंतर्गत मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज कर्मपुरा स्थित डा. बी.आर. आंबेडकर विश्वविद्यालय परिसर में नवनिर्मित स्वामी विवेकानंद भवन का भव्य उद्घाटन किया। इस अवसर पर सांसद सुबासुरी स्वराज, शिक्षा व शहरी विकास मंत्री आशीष सूद, विधायक हरीश खुराना सहित कई गणमान्यजन उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली को देश और विदेश के छात्रों के लिए शिक्षा का हब बनाना उनकी सरकार की सर्वोच्च प्रतिबद्धता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि अंबेडकर विश्वविद्यालय समेत दिल्ली के सभी उच्च शिक्षा संस्थानों को विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों में अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रर, उच्च गुणवत्ता वाली फैकल्टी और छात्रों की जरूरतों के अनुरूप आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि यह परिसर स्व. मदन लाल खुराना और स्व. सुषमा स्वराज जैसे महान नेताओं की सेवा भावना को सम्मानित करता है और भविष्य की पीढ़ियों को प्रेरणा देगा। शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि स्वामी विवेकानंद भवन केवल एक इमारत नहीं, बल्कि शिक्षा, चरित्र निर्माण और आधुनिक कौशल विकास का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि अंबेडकर विश्वविद्यालय ने 2008 में 19 छात्रों से शुरूआत की थी और आज यहां 5,500 से अधिक छात्र 73 पाठ्यक्रमों में शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।
सूद ने विश्वविद्यालय की पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि चार वर्षीय प्रोग्राम, ऑन-जॉब ट्रेनिंग, एआई मॉडल आधारित शिक्षा और शिक्षक प्रशिक्षण को वैश्विक मानकों के अनुरूप बनाया गया है। सूद ने यह भी बताया कि छात्रों को जिम्मेदार नागरिक बनाने के लिए विश्वविद्यालय ने स्लम क्लस्टर और ग्रामीण क्षेत्रों में सामुदायिक विकास परियोजनाएं, 23 हेक्टेयर वेटलैंड पुनस्र्थापना और स्टार्टअप इंटर्नशिप जैसी गतिविधियां शुरू की हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा राष्ट्र निर्माण का सबसे बड़ा निवेश है और स्वामी विवेकानंद भवन छात्रों के व्यक्तित्व विकास, सामाजिक संवेदनशीलता और उद्यमिता को बढ़ावा देने वाला केंद्र बनेगा। यह पहल विकसित दिल्ली 2047 और विकसित भारत 2047 के विजन को साकार करने की दिशा में मील का पत्थर है।
ये भी पढ़ें: सूखेपन और कमजोरी से परेशान? Vata प्रकृति वालों के लिए खास आहार

