Last Updated: October 18, 2026

Dainik Savera Times Logo

बिहार : पैक्स अध्यक्ष पर हमला, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

November 28, 2024

बिहार : पैक्स अध्यक्ष पर हमला, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Bihar News : बिहार के नालंदा जिले के मेघी नगमा के पैक्स अध्यक्ष शिवचरण प्रसाद को अपराधियों ने गोली मार दी। इससे वह बुरी तरह घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी विजय गोप को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार घटना बुधवार की रात करीब 10 बजे की है। पैक्स का चुनाव जीतने के बाद जब शिवचरण प्रसाद घर वापस जा रहे थे, तभी दीपनगर बाजार के पास अपराधियों ने उन पर गोली चला दी। हमले में वह घायल हो गए। उन्हें सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें पावापुरी रेफर कर दिया।

जश्न मनाने के दौरान हर्ष फायरिंग में लगी है गोली का दावा
बताया जाता है कि गिरफ्तार विजय गोप राजद नेता हैं और पूर्व में नालंदा जिला युवा राजद के जिलाध्यक्ष भी रह चुके हैं। हिरासत में लिए जाने के बाद उन्हें मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल लाया गया। इस दौरान विजय गोप ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि उन पर लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह से बेबुनियाद हैं। उन्होंने दावा किया कि जीत का जश्न मनाने के दौरान हर्ष फायरिंग में गोली लगी है और उन्हें जानबूझकर फंसाया जा रहा है।
विजय गोप ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि नवनिर्वाचित पैक्स अध्यक्ष के प्रतिद्वंद्वी, जो चुनाव में हार गए हैं, उनके साथ वह सहयोग कर रहे थे।

20-25 अज्ञात लोगों को बनाया गया है आरोपी
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इस मामले की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। इसमें विजय गोप समेत छह लोगों को नामजद और 20-25 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। प्राथमिकी में विजय गोप पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने बुधवार की रात में छापेमारी कर विजय गोप को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। घटना से संबंधित सभी बिंदुओं पर जांच जारी है, और फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें