Site icon Dainik Savera Times

बिहार में फिर गोलीबारी, एक और कारोबारी की हत्या, जांच में जुटी पुलिस

Bihar businessman killed

Bihar businessman killed

Bihar businessman killed : बिहार की राजधानी पटना में पुलिस की तमाम कोशिशों के बावजूद आपराधिक गतिविधियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शुक्रवार रात अपराधियों ने एक बार फिर बिहार में खूनी खेल खेला है। इस बार अपराधियों ने पटना में एक और व्यवसायी को निशाना बनाया। अपराधियों ने इस बार रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र के पूर्वी अशोक चक्र इलाके में मार्ट मालिक विक्रम झा की गोली मारकर हत्या कर दी। झा दरभंगा के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

मार्ट में बैठे विक्रम झा पर चलाई गई गोलियां-
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विक्रम झा अपने मार्ट में बैठे थे, तभी बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। गोली लगने के बाद स्थानीय लोग उन्हें अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

अपराधियों की तलाश में छापेमारी-
पटना नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) परिचय कुमार ने हत्या की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और अपराधियों की तलाश में विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर रही है।

अपराधियों के मिले सुराग-
उन्होंने बताया कि पुलिस को अपराधियों के बारे में कुछ सुराग मिले हैं और उसके आधार पर पुलिस कार्रवाई कर रही है। इसके साथ ही उन्होंने इस घटना में लूटपाट की संभावना से इनकार किया।

तीन व्यवसायी बने अपराधियों का निशाना-
गौरतलब है कि पटना में एक के बाद एक तीन व्यवसायियों की हत्या हो चुकी है। 4 जुलाई को व्यवसायी गोपाल खेमका की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। 10 जुलाई को बालू व्यवसायी रामानंद यादव की हत्या कर दी गई थी और अब किराना व्यवसायी और तृष्णा मार्ट के मालिक विक्रम झा को अपराधियों ने निशाना बनाया है।

Exit mobile version