Site icon Dainik Savera Times

बिहार : अपराधियों ने स्वर्ण व्यवसायी को मारी गोली, 30 लाख रुपए के आभूषण लूटे

सासारामः बिहार के रोहतास जिले के डेहरी नगर थाना क्षेत्र में बेखौफ अपराधियों ने कोलकाता के एक स्वर्ण व्यापारी से 30 लाख रुपए से अधिक कीमत के आभूषण लूटकर फरार हो गए। इस क्रम में अपराधियों ने व्यापारी को गोली मार दी। घायल अवस्था में उनका इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। पुलिस के मुताबिक, कोलकाता के रहने वाला व्यापारी कुदुस अली बिहार के औरंगाबाद और डेहरी से अपना व्यापार करता है। गुरुवार की रात वह आभूषण लेकर डेहरी से औरंगाबाद जाने वाला था, तभी नगर परिषद बस स्टैंड के पास अज्ञात अपराधियों ने उसे गोली मार दी और आभूषण लूटकर फरार हो गए। बताया जाता है कि व्यापारी के पैर में गोली लगी है। आनन फानन में उसे स्थानीय एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां स्थिति सामान्य बनी हुई है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई और मामले की छानबीन की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Exit mobile version