Last Updated: November 9, 2026

Dainik Savera Times Logo

Bihar Diwas 2025 : ‘जुग-जुग जियो बिहार’ : PM Modi समेत इन नेताओं ने स्थापना दिवस पर दी शुभकामनाएं

March 22, 2025

Bihar Diwas 2025 : ‘जुग-जुग जियो बिहार’ : PM Modi समेत इन नेताओं ने स्थापना दिवस पर दी शुभकामनाएं

Bihar Diwas 2025 : बिहार को आज उसके स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से लेकर केंद्र और राज्य के तमाम मंत्री एवं राजनीतिक हस्तियों ने बधाई और शुभकामनाओं के साथ ही उसे जुग-जुग जीने का आशीष भी दिया।

वीरों और महान विभूतियों की पावन धरती बिहार

प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर अपने पोस्ट में लिखा, ‘‘वीरों और महान विभूतियों की पावन धरती बिहार के अपने सभी भाई-बहनों को बिहार दिवस की ढेरों शुभकामनाएं। भारतीय इतिहास को गौरवान्वित करने वाला हमारा यह प्रदेश आज अपनी विकास यात्रा के जिस महत्वपूर्ण दौर से गुजर रहा है, उसमें यहां के परिश्रमी और प्रतिभाशाली बिहारवासियों की अहम भागीदारी है। हमारी संस्कृति और परंपरा के केंद्र-बिंदु रहे अपने इस राज्य के चौतरफा विकास के लिए हम कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे।’’

संस्कृति, ज्ञान और सभ्यता की महान धरा बिहार

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा, ‘‘संस्कृति, ज्ञान और सभ्यता की महान धरा बिहार के स्थापना दिवस पर राज्य के सभी वासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। मेरी अभिलाषा है कि यह उर्वर प्रदेश निरंतर खुशहाली और प्रगति के पथ पर आगे बढ़े। यहां के परिश्रमी नागरिक अपने सामथ्र्य से राष्ट्र और समाज के उन्नयन में भूमिका निभाते रहें।’’

ज्ञान, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत की भूमि

शाह ने लिखा, ‘‘सभी बिहारवासियों को ‘बिहार दिवस’ की हार्दिक शुभकामनाएं। ज्ञान, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत की भूमि बिहार ने हमेशा देश को नेतृत्व और नई ऊर्जा प्रदान की है। इतिहास के गौरवशाली अध्यायों से लेकर आधुनिक भारत के निर्माण तक, बिहार ने हर क्षेत्र में अपनी अमिट छाप छोड़ी है। प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में एनडीए (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) सरकार बिहार को प्रगति, समृद्धि और आत्मनिर्भरता की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेशवासियों की सुख, शांति और उन्नति की कामना करता हूं।’’

सुशासन की नई बुलंदियों तक पहुंचे

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर लिखा, ‘‘बिहारवासियों को ‘बिहार दिवस’ की ढेरों बधाई। मेरी ईश्वर से कामना है कि परंपरा और संस्कृति को सहेजकर रखने वाला यह राज्य विकास और सुशासन की नई बुलंदियों तक पहुंचे।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें