Bihar Elections 2025 : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे और अंतिम चरण के मतदान के साथ आज राज्य की सियासी सरगर्मी चरम पर है। सुबह सात बजे से ही 20 जिलों की 122 विधानसभा सीटों पर वोटिंग शुरू हो चुकी है। मतदान केंद्रों पर लोगों की लंबी कतारें दिखाई दे रही हैं और मतदाता बढ़-चढ़कर अपने मतदान अधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।
चुनाव आयोग के मुताबिक, सभी जिलों में मॉक पोलिंग पूरी होने के बाद शांतिपूर्ण तरीके से मतदान की प्रक्रिया शुरू हुई। इस चरण के लिए चार लाख से अधिक सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी या हिंसा की आशंका को टाला जा सके। राज्य के सीमांचल क्षेत्र के कई जिले जैसे कटिहार, किशनगंज, पूर्णिया और अररिया इस चरण में शामिल हैं, जहां सुरक्षा और निगरानी की विशेष व्यवस्था की गई है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह चरण सत्ता और विपक्ष दोनों के लिए निर्णायक साबित हो सकता है। सीमांचल की सीटें न केवल जातीय समीकरणों के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं, बल्कि यहां का मतदान पैटर्न पूरे राज्य के परिणामों की दिशा तय कर सकता है।
सुबह के घंटों में ग्रामीण इलाकों में मतदान उत्सव का माहौल देखने को मिला, जबकि शहरी केंद्रों पर युवा मतदाताओं की सक्रियता ने चुनावी रंग को और गहरा किया। आयोग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्भीक होकर मतदान करें और अफवाहों पर ध्यान न दें।
पहले चरण में रिकॉर्ड मतदान दर्ज हुआ था, और अब दूसरे चरण में भी मतदाताओं के उत्साह को देखकर यह स्पष्ट है कि बिहार की जनता लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही है। शाम तक मतदान जारी रहेगा और इसके बाद ईवीएम को कड़ी सुरक्षा में स्ट्रॉन्ग रूम में रखा जाएगा।
बिहार की राजनीतिक लड़ाई अब अंतिम मोड़ पर है। कौन बनेगा बिहार का अगला मुख्यमंत्री, इसका फैसला 122 सीटों के मतदाताओं के हाथ में है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...