Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

बिहार चुनाव: आज जारी होगा महागठबंधन का घोषणा पत्र, नीतीश-तेजस्वी और ओवैसी करेंगे ताबड़तोड़ रैलियां

October 28, 2025

बिहार चुनाव: आज जारी होगा महागठबंधन का घोषणा पत्र, नीतीश-तेजस्वी और ओवैसी करेंगे ताबड़तोड़ रैलियां

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव में आज का दिन बेहद अहम है। बता दें कि विपक्षी महागठबंधन आज अपना साझा घोषणा पत्र जारी करने जा रहा है। इस मौके पर गठबंधन के प्रमुख नेता तेजस्वी यादव, कांग्रेस, लेफ्ट पार्टियों और अन्य सहयोगी दलों के नेता मौजूद रहेंगे। सूत्रों के अनुसार, इस घोषणा पत्र में हर परिवार को सरकारी नौकरी और महिलाओं को मासिक भत्ता जैसी बड़ी योजनाओं का वादा किया जा सकता है।

नीतीश, तेजस्वी और ओवैसी की चुनावी रैलियों से बढ़ी हलचल

छठ पूजा के बाद बिहार की राजनीति में गर्मी लौट आई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट के बेरुआ में एनडीए की एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे। वहीं, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव आज सारण जिले में छह चुनावी रैलियां करेंगे, जिनमें महागठबंधन के प्रत्याशियों के पक्ष में वोट की अपील करेंगे।

वहीं, AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी भी आज बिहार के गोपालगंज, पूर्वी चंपारण और मुंगेर में तीन जनसभाएं करने वाले हैं। ओवैसी का सीमांचल और मुस्लिम बहुल इलाकों में खास प्रभाव माना जाता है।

आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा

महागठबंधन के सीएम उम्मीदवार और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा, “हमने सीएम का चेहरा भी घोषित कर दिया है। आज हम ‘तेजस्वी प्रण पत्र’ जारी करने जा रहे हैं कि हम अगले 5 साल कैसे काम करने जा रहे हैं। हम चाहते हैं कि एनडीए अपने सीएम के नाम की घोषणा करे। उनके पास क्या योजनाएं हैं? उनका विजन क्या है और वे बिहार को कैसे आगे ले जाएंगे? हमने एक रोडमैप, एक विजन दिया है और हम स्पष्ट हैं कि हम बिहार को नंबर वन बनाएंगे। वे केवल नकारात्मक बातें करते हैं और हमारे नेताओं पर आरोप लगाते हैं…”

राहुल गांधी 29 अक्टूबर को बिहार में करेंगे रैलियां

महागठबंधन को मजबूती देने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी 29 अक्टूबर को बिहार में प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे। वह मुजफ्फरपुर के सकरा विधानसभा क्षेत्र और दरभंगा में दो संयुक्त रैलियां करेंगे। उनके साथ तेजस्वी यादव भी मंच साझा करेंगे। यह रैलियां महागठबंधन के चुनावी अभियान को नई गति देने की कोशिश मानी जा रही हैं।

चिराग पासवान का लालू परिवार पर वार

वहीं, लोजपा (रामविलास) प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने महागठबंधन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों में “परिवारवाद की राजनीति” हावी है। चिराग ने कहा “अगर लालू यादव जेल में हैं तो उनकी पत्नी मुख्यमंत्री बनती हैं, और अगर वे कार्यकाल पूरा नहीं करते तो उनका बेटा कुर्सी संभालता है। उन्हें परिवार के बाहर कोई काबिल व्यक्ति नजर नहीं आता।” उन्होंने अपने ‘MY इक्वेशन’ की व्याख्या करते हुए कहा कि “यहां M का मतलब महिला और Y का मतलब यूथ है न कि किसी जाति या समुदाय से।”

ये भी पढ़ें: 110 KM प्रति घंटा की रफ्तार से आंध्र प्रदेश के तट से टकराया चक्रवात ‘मोन्था’! भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी

प्रशांत किशोर की सीमांचल के मुसलमानों से अपील

राजनीतिक रणनीतिकार से जनसुराज प्रमुख बने प्रशांत किशोर (PK) ने सीमांचल के मतदाताओं से भावनात्मक अपील की है। उन्होंने कहा, “भाजपा से नहीं, अल्लाह से डरिए। हक का साथ दीजिए। अगर लालटेन में किरासन तेल डालते रहेंगे, तो रोशनी लालूजी के घर होगी, लेकिन आपके बच्चों का भविष्य अंधेरे में रहेगा।”

RJD का बड़ा एक्शन 27 नेता निष्कासित

वहीं, आरजेडी ने चुनाव से ठीक पहले 27 नेताओं को पार्टी से निष्कासित कर बड़ा कदम उठाया है। इनमें दो विधायक और पांच पूर्व विधायक शामिल हैं। पार्टी ने इन सभी पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें