Site icon Dainik Savera Times

बिहार चुनाव को लेकर RJD ने कसी कमर, 8 नए प्रवक्ता किए नियुक्त

Bihar Elections : बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित है। इस चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रवक्ताओं की टीम का विस्तार किया है। कुछ नए लोगों को शामिल किया गया है। राजद ने सोमवार को राष्ट्रीय स्तर पर टीम को बढ़ाते हुए आठ प्रवक्ताओं को मनोनीत किया है। राजद के राष्ट्रीय मुख्य महासचिव और बिहार के पूर्व मंत्री अब्दुल बारी सिद्दीकी ने इस संबंध में पत्र भी जारी कर दिया है।

उन्होंने लिखा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू यादव के निर्देश के बाद राजद ने आठ नए राष्ट्रीय प्रवक्ताओं को मनोनीत किया है। राजद ने जिन नए प्रवक्ताओं को नियुक्त किया है, उनमें दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. श्याम कुमार, डॉ. राजकुमार राजन, डॉ. रविशंकर रवि, जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय दिल्ली के प्रोफेसर डॉ. बादशाह आलम, पटना विश्वविद्यालय के प्रो. उत्पल बल्लभ, बीआरए विश्वविद्यालय, मुजफ्फरपुर के प्रोफेसर डॉ. राकेश रंजन, मगध विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. अनुज कुमार तरुण एवं जेपी विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. दिनेश पाल शामिल हैं।

माना जा रहा है कि बिहार चुनाव के मद्देनजर राजद ने अपने प्रवक्ताओं की टीम को बढ़ाया है। राजद के बिहार प्रदेश प्रवक्ता चित्तरंजन गगन ने पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय प्रवक्ताओं को बधाई दी। राजद प्रवक्ता चित्तरंजन गगन ने कहा कि बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की दूरदर्शी सोच और सकारात्मक पहल पर राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू यादव द्वारा राष्ट्रीय प्रवक्ताओं की सूची का विस्तार करते हुए आठ नए राष्ट्रीय प्रवक्ताओं का मनोनयन किया गया है।

उन्होंने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि राजद के नवनियुक्त प्रवक्ता पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों को लोगों तक पहुंचाकर पार्टी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने में अपनी भूमिका निभाएंगे।

Exit mobile version