Bihar Firing : बिहार में कानून व्यवस्था को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। इसी बीच बिहार के गयाजी जिले के शेरघाटी से एक आपराधिक घटना सामने आई है, जहां अपराधियों ने शनिवार को एक डॉक्टर को निशाना बनाकर गोली मार दी। इस घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस के अनुसार, शेरघाटी के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. तपेश्वर प्रसाद कहीं से अपने घर लौट रहे थे, तभी शेरघाटी शहर के शेखपुरा घग्गर मोड़ के पास बाइक सवार तीन अज्ञात अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
2 गोलियां चूकि 1 लगी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाशों ने लगातार तीन गोलियां चलाईं, जिनमें दो गोलियां चूक गईं, जबकि एक गोली डॉक्टर के जबड़े में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। गोलियों की आवाज सुनकर स्थानीय लोग भी वहां पहुंच गए। लोगों की मदद से घायल डॉक्टर को तुरंत शेरघाटी अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही शेरघाटी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शेरघाटी अनुमंडल के सहायक पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार ने बताया कि गोलीबारी के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसा लग रहा है कि उनके बेटे का कुछ लोगों से झगड़ा हुआ था। हालांकि, यह कहना जल्दबाजी होगी कि यह घटना उसी झगड़े के कारण हुई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घायल डॉक्टर की हालत स्थिर है।
दो दिन पहले हॉस्पिटल में घुस के मारी थी गोली
गौरतलब है कि दो दिन पहले पटना के एक निजी अस्पताल में अपराधियों ने घुसकर वहां भर्ती एक मरीज की गोली मारकर हत्या कर दी थी। उस मामले में अपराधियों की धर पकड़ जारी है।

