Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

Bihar : स्कूटी में रखे बारूद में हुआ जोरदार विस्फोट, 2 झुलसे… आसपास के घरों में लगी आग

April 24, 2025

Bihar : स्कूटी में रखे बारूद में हुआ जोरदार विस्फोट, 2 झुलसे… आसपास के घरों में लगी आग

गोपालगंज : बिहार के गोपालगंज जिले के थावे थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक स्कूटी में रखे बारूद में अचानक विस्फोट होने से दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए। इस घटना में आसपास के दो घरों में आग भी लग गई। हालांकि, दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया।

बताया जा रहा है कि घटना थावे थाना क्षेत्र के वृंदावन गांव के पास एनएच-531 की है, जहां बारूद से भरी चलती स्कूटी में विस्फोट हो गया। इस घटना के बाद क्षेत्र में अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। कुछ समय तक सड़क पर आवागमन भी बाधित रहा, जिससे रोड पर वाहनों की लंबी कतार लग गईं।

पुलिस के मुताबिक, मीरगंज में एक पटाखा व्यवसायी के यहां काम करने वाला मिथुन सोनार अपनी बच्ची आरोही (2) को स्कूटी पर बैठाकर गोपालगंज से मीरगंज की ओर जा रहा था। सोनार ने स्कूटी की डिक्की में पटाखे वाला बारूद रखा था। गर्मी के कारण वृंदावन गांव के पास बारूद में विस्फोट हो गया, जिससे स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस घटना में मिथुन और उसकी बेटी गंभीर रूप से झुलस गईं।

घायलों को कराया गया अस्पताल में भर्ती

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दोनों घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें गोरखपुर रेफर कर दिया। दोनों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। इधर, इस विस्फोट से निकली चिंगारी से सड़क के किनारे दो झोपड़ीनुमा घर भी पूरी तरह जलकर राख हो गए।

घर में रखा सारा सामान जल गया। घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। गोपालगंज के पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने बताया कि पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। एफएसएल की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया पटाखा वाले बारूद में विस्फोट की घटना प्रतीत हो रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें