पटना: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने बिहार में सत्तारूढ़ महागठबंधन के घटक जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के विधान पार्षद राधाचरण साह उर्फ राधाचरण सेठ के अलग-अलग ठिकानों पर आज एक साथ छापेमारी की। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को यहां बताया कि ईडी की टीम ने शाह के राजधानी पटना और भोजपुर जिले के आरा स्थित ठिकाने पर एक साथ छापेमारी की। बालू के ठेकों में कथित रूप से हेरफेर किए जाने के आरोपों को लेकर पहले भी साह से पूछताछ की जा चुकी है। पिछले दिनों ही साह और उनके पुत्र से पूछताछ की गई थी। एक बार फिर से अब प्रवर्तन निदेशालय ने उनके खिलाफ शिकंजा कसा है और एक साथ बिहार में उनके प्रमुख ठिकानों पर छापेमारी की है।
प्रवर्तन निदेशालय की टीम जदयू विधान पार्षद साह के भोजपुर जिले के नवादा थाना क्षेत्र के अनाईठ मठिया स्थित फार्म हाउस पर छापेमारी कर रही है। छापेमारी करने गई टीम के साथ अर्धसैनिक बलों के जवान भी तैनात हैं। फार्म हाउस के अंदर से बाहर और बाहर से अंदर जाने की किसी को भी इजाजत नहीं दी जा रही है। छापेमारी के संबंध में अभी तक प्रवर्तन निदेशालय की ओर से मीडिया को कुछ नहीं बताया गया है।उल्लेखनीय है कि एक सप्ताह पूर्व प्रवर्तन निदेशालय ने जदयू विधान पार्षद और उनके बड़े पुत्र कन्हैया प्रसाद को नोटिस भेजा था। निदेशालय की पटना इकाई ने साह और उनके पुत्र से पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया है। दोनों को 15 दिनों के अंदर निदेशालय के कार्यालय में आने के लिए कहा गया है।

