Site icon Dainik Savera Times

बिहार राजद के अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने कहा, तिलक लगाकर घूमने वालों ने देश को गुलाम बनवाया था

पटना: तमिलनाडु के मंत्री उदयनिधि स्टालिन के सनातन धर्म के खिलाफ दिए गए विवादास्पद बयान का मामला अभी ठंडा पड़ा ही नहीं था कि बिहार में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने भी एक ऐसा बयान दे दिया, जिसे लेकर विवाद तय माना जा रहा है। राजद के बिहार प्रदेश अध्यक्ष सिंह ने कहा कि जो लोग तिलक (टीका) लगाकर घूमते हैं, उन्हीं लोगों ने भारत को गुलाम बनवाया। राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद के नजदीकी माने जाने वाले सिंह के इस बयान का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

राजद कार्यालय में बुधवार को आयोजित एक कार्यक्रम में बोलते हुए उन्होंने कहा कि भारत गुलाम किसके समय में हुआ? क्या उस समय कर्पूरी ठाकुर थे, लालू प्रसाद थे, राम मनोहर लोहिया थे। उन्होंने कहा कि टीका लगाकर घूमने वाले लोगों ने भारत देश को गुलाम बनवाया था। उन्होंने आगे कहा कि मंदिर तोड़ो या मंदिर बनाओ इससे कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। उन्होंने कहा कि जिस तरह की राजनीति की जा रही है, यह कहीं न कहीं समाज को कमजोर कर रहा है और देश को उन्माद की नशा में कहां पहुंचाया जा रहा है, यह देखने की आवश्यकता है।

Exit mobile version